उत्तराखंड में नए साल का जश्न मनाने आए पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। आज प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इसकी जानकारी मौसम विभाग ने दी।
मौसम विभाग के मुताबिक एक जनवरी को राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा और तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इस बीच शनिवार को केदारनाथ में करीब एक घंटे तक बर्फबारी हुई।
सूबे में शनिवार सुबह से कहीं आंशिक रूप से तो कहीं ठीकठाक आवक रही। शाम के वक्त केदारनाथ धाम में घटाएं घिरीं और करीब एक घंटे तक हिमपात हुआ। हालांकि, यह अधिक देर तक टिकी नहीं रह पाई। अलबत्ता, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ समेत अन्य स्थानों पर बादलों की आवक घनी हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र,देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते राज्य में वर्षा-बर्फबारी के आसार बने हैं। रविवार को कुछ स्थानों पर हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है, जबकि चोटियों पर बर्फबारी। यह सिलसिला दो जनवरी की सुबह तक रह सकता है।