चंडीगढ़। पंजाब के बठिंडा में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। निजी कंपनी की बस अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई। बस में सवार कई लोग घायल हुए, जिन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पंजाब के बठिंडा में एक वॉल्वो बस अनियंत्रित होकर पुलिया से सीधे नाले में जा गिरी। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल यात्रियों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं 18 अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। निजी बस तलवंडी साबो से बठिंडा शहर जा रही थी। बचाव अभियान की निगरानी के लिए शीर्ष नागरिक और पुलिस अधिकारी मौके पर हैं।
जिला अधिकारियों द्वारा मृतकों की पहचान की पुष्टि अभी नहीं की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बस गंदे नाले में गिरने से पहले पुल की रेलिंग से टकरा गई थी। अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना के समय बठिंडा में बारिश हो रही थी और दुर्घटना के कारणों की जांच की जाएगी।
इस मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक जगरोप सिंह गिल ने कहा, “यह एक दुखद घटना है, जिसमें 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 3 अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि, घायल व्यक्तियों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से 3 की स्थिति गंभीर थी और उन्होंने भी अपने चोटों के कारण दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि मृतकों और घायलों के परिवारों को सरकार से वित्तीय सहायता दी जानी चाहिए, ताकि वे इस कठिन समय से निपट सकें।