Wednesday , February 18 2026
Breaking News
Home / उत्तराखण्ड / चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्री ध्यान दें, अब रजिस्ट्रेशन के लिए देनी होगी फीस

चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्री ध्यान दें, अब रजिस्ट्रेशन के लिए देनी होगी फीस

देहरादून। चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए जरुरी खबर है। उत्तराखंड सरकार अब यात्रियों से रजिस्ट्रेशन फीस लेने की तैयारी कर रही है। रजिस्ट्रेशन शुल्क जल्द ही तय किया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ने इसके लिए एक कमेटी बनाई है। चारों धामों के खुलने की तिथियां तय होने के बाद आगामी यात्रा के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित संचालन के उद्देश्य से सभी हितधारकों के साथ गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में ऋषिकेश में हुई एक बैठक में यह तय किया गया।

पांडेय ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष तीर्थयात्रियों की संख्या सीमित नहीं की जाएगी लेकिन प्रत्येक यात्री के लिए पंजीकरण अनिवार्य रहेगा। उन्होंने बताया कि फर्जी पंजीकरण पर सख्ती से रोक लगाने हेतु न्यूनतम पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया जाएगा। आयुक्त ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी तथा उसे सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि होटल एसोसिएशन, टूर एंड ट्रेवल्स यूनियन तथा डंडी-कंडी (डोली) संचालकों द्वारा उठाई गई व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए अपर गढ़वाल आयुक्त उत्तम सिंह चौहान की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है।

पांडेय ने बताया कि समिति की संस्तुतियां मिलते ही एक-दो दिन के भीतर आवश्यक निर्णय लेते हुए चारधाम पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। उन्होंने सभी हितधारकों को आश्वस्त किया कि उनके महत्वपूर्ण सुझावों को अमल में लाकर चारधाम यात्रा को सरल, सुगम एवं सुरक्षित बनाया जाएगा तथा यात्रा के सफल संचालन हेतु हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

बता दें उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियां तेज हो गई है। चारों धामों के कपाट खुलने की तिथियां भी घोषित हो चुकी हैं। अक्षय तृतीया के अवसर पर 19 अप्रैल 2026 को गंगोत्री ओर यमुनोत्री धाम के कपाट खुलेंगे, जबकि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे।

About team HNI

Check Also

देहरादून: गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड पर बड़ा अपडेट, दो शूटरों की हुई पहचान

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े एक कारोबारी विक्रम शर्मा की गोली …