देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के तिब्बती मार्केट और परेड ग्राउंड के पास दिनदहाड़े गोली मारकर हुई अर्जुन शर्मा की हत्या मामले में जांच अब परिवार के भीतर तक पहुंच गई है।
टेनिस खेलकर लौट रहे थे अर्जुन
राजधानी देहरादून सुबह-सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना से दहल गई। डाउनवाला इलाके में तिब्बती मार्केट के पास दिनदहाड़े 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा को दो युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, अर्जुन शर्मा का घर आईटीबीपी क्षेत्र में था। वे जीएमएस रोड पर फर्म अमर दीप के नाम से भारत गैस एजेंसी के मालिक थे। अर्जुन रोजाना तिब्बती मार्केट के सामने परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आते थे।
अर्जुन बुधवार सुबह भी टेनिस खेलकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो हमलावरों ने उन्हें नजदीक से गोली मार दी। इसके बाद वे फरार हो गए। गोली लगने से अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी ने दर्ज कराया केस
हत्याकांड मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। उनकी हत्या मामले में जांच अब परिवार तक पहुंचती दिख रही है। दरअसल, मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने अपनी सास वीना शर्मा समेत चार लोगों पर इस वारदात को अंजाम दिलाने का आरोप लगाया है। अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के संचालक थे। वे कारगिल शहीद स्व. कर्नल आरसी शर्मा के बेटे थे। पूरी घटना अब संपत्ति विवाद का रूप लेती दिख रही है।
मामले की जांच में परिवार का संपत्ति विवाद और किसी तीसरे शख्स की भूमिका को तलाशा जा रहा है। पत्नी की ओर से नामजद शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद इस पूरे मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। पुलिस सभी एंगल से जांच की बात कह रही है।
शिकायत में क्या?
41/1 बसंत विहार में रहने वाली अभिलाषा शर्मा ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी सास बीना शर्मा का तीन लोगों के साथ पैसों का लेन-देन था। अर्जुन इसका विरोध करते थे। इस कारण मां-बेटे में विवाद चल रहा था। मामला कोर्ट में लंबित है। पत्नी ने आशंका जताई है कि इसी विवाद में उनके पति की हत्या कराई गई।
यहाँ भी पढ़े: देहरादून मर्डर: गैस एजेंसी मालिक की गोली मारकर दिनदहाड़े हत्या, 14 दिन में 4 कत्ल
42 करोड़ की संपत्ति का मामला
जांच में सामने आया है कि परिवार में 42 करोड़ से अधिक की संपत्ति को लेकर विवाद था। संपत्ति का बड़ा हिस्सा मां के नाम बताया जा रहा है। अर्जुन को इस संपत्ति से बेदखल किए जाने की भी चर्चा रही है। सूत्रों का दावा है कि दोनों पक्षों की ओर से सुरक्षा को लेकर शिकायतें की गई थी। पुलिस ने तमाम बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। मामले में नामजद एफआईआर होने के बाद पुलिस तमाम ट्रांजैक्शन और फोन कॉल डिटेल खंगालने में जुटी है।
Hindi News India