- अपर मुख्य सचिव से दूरभाष पर की बात
- कर्मचारियों से वार्ता कर समाधान निकाला जाय
देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मनरेगा कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से बात कर उनकी समस्या का समाधान करना होगा। कर्मचारियों की मांगों के संबंध में उन्होंने अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार से भी दूरभाष पर वार्ता की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार की ओर से जारी शासनादेश में राज्य में मनरेगा कर्मचारियों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से भर्ती करने की बात कही गई है। इस आदेश पर आपत्ति जताते हुए पुनर्विचार की मांग सरकार से की। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग से मनरेगा कर्मचारियों की तैनाती का औचित्य नहीं है। कहा कि रोजगारपरक मनरेगा योजना के माध्यम से प्रवासियों एवं स्थानीय युवाओं को रोजगार मुहैया कराया जा रहा है। कर्मचारियों के आंदोलन के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के सभी कार्य ठप पड़े हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी मनरेगा कर्मियों की वकालत की है। उन्होंने कहा कि मनरेगा कर्मियों की मांग जायज है। सरकार 14 दिन में आंदोलन वापस नहीं लेने पर हटाए जाने की धमकी देकर तानाशाही रवैया अपना रही है। कहा कि अपर मुख्य सचिव को बर्खास्तगी के बजाय ठोस समाधान निकाला जाए। सरकार चाहे तो बेहतर समाधान निकाल सकती है।
Hindi News India