उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में हिमस्खलन (Avalanche) का मामला सामने आया है। गंगोत्री हाईवे पर धराली और जांगला पुल के बीच में तीसरी बार चांग थांग में हिमस्खलन हुआ है। इस कारण गंगोत्री धाम सहित अंतरराष्ट्रीय सीमा का जिला मुख्यालय से सम्पर्क कटा। जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने इसकी पुष्टि की है। राहत की बात ये है कि इस हिमस्खलन में किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
बता दें कि उत्तराखंड के कई जिलों में देर रात से बारिश और बर्फबारी की दौर जारी है। मैदानी जिलों में जहां बारिश हो रही है, तो वहीं उच्च हिमलायी क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल रही है। इन सबके बीच उत्तरकाशी के चांगथांग में हिमस्खलन हो गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
हिमस्खलन की वजह से गंगोत्री नेशनल हाईवे पूरी तरह से बाधित हो गया। कई गांवों का संपर्क तहसील और जिला मुख्यालय से कट गया। बताया जा रहा है कि एक महीने के अंदर इस इलाके में तीसरी बार एवलॉन्च आया है। आपदा प्रबंधन विभाग का कहना है कि इलाके में अभी भी बर्फबारी हो रही है। इसीलिए नेशनल हाईवे को खोलने में दिक्कत आ रही है। बर्फबारी के रुकते ही हाईवे को खोला जाएगा।
गौर हो कि बीते महीने 28 फरवरी को चमोली जिले के माणा में भी एवलॉन्च आया था। बीआरओ (बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन) के 54 मजदूर इस एवलॉन्च की चपेट में आ गए थे। तीन दिन चले रेस्क्यू ऑपरेशन में 46 लोगों की बचाया गया था, लेकिन 8 मजदूरों की मौत हो गई थी।
Hindi News India