देहरादून-शुक्रवार को राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में 11 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके बाद अब उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के नेतृत्व में पूरा मंत्रिमंडल गठित हो चुका है। इनमें 8 कैबिनेट मंत्री व 3 राज्य मंत्री शामिल हैं।

प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए पूर्व मंत्री मदन कौशिक के अलावा त्रिवेंद्र मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को तीरथ सिंह रावत के मंत्रीमंडल में शामिल किया गया है। 4 नए मंत्रियों में भाजपा अध्यक्ष पद से हटने वाले बंशीधर भगत, बिशन सिंह चुफाल, गणेश जोशी एवं स्वामी यतीश्वरानंद हैं। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। यानी मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के नेतृत्व में पूरा मंत्रिमंडल गठित कर दिया गया है। उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर बीते दिनों शनिवार से चल रही राजनीतिक हलचल के बाद पौड़ी गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने राज्य के 10वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

शुक्रवार शाम को तीरथ सिंह रावत के मंत्रिमंडल के 11 सदस्यों को राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सतपाल महाराज, बंशीधर भगत, बिशन सिंह चुफाल, हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य, सुबोध उनियाल, अरविंद पांडेय व गणेश जोशी तथा धनसिंह रावत, रेखा आर्य, स्वामी यतीश्वरानंद ने राज्यमंत्री के रूप में पद की शपथ ली।