कोटद्वार। पटेल मार्ग पर एक कपड़े की दुकान के नाम को लेकर हुआ विवाद पुलिस प्रशासन के लिए सिरदर्द बन गया है। शनिवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के हंगामे के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। दो दिन से रात के समय पुलिस फ्लैग मार्च निकाल रही है। पुलिस प्रशासन के साथ ही खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गया है। दूसरे पक्ष से जुडे़ लोगों के कोटद्वार पहुंचने की आशंका को देखते हुए कौड़िया स्थित यूपी-यूके बाॅर्डर पर शहर में आने वाले हर वाहन की सघन चैकिंग की जा रही है। जिलेभर से कई पुलिस अधिकारी कोटद्वार बुला लिए गए हैं। दो प्लाटून पीएसी भी तैनात कर दी गई है।
26 जनवरी को कोटद्वार में बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ कपडे़ की दुकानवाले व्यापारी के समर्थकों की तीखी नोकझोंक हो गई थी। मारपीट के आरोपी युवक का वीडियो वायरल होने के बाद आक्रोशित बजरंग दल के कार्यकर्ता कोटद्वार पहुंच गए थे। उन्होंने पहले पटेल मार्ग और बाद में मालवीय उद्यान में जमकर हंगामा किया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में आई दोनों पक्षों की तहरीर के अनुसार जांच चल रही है। बजरंग दल के कार्यकर्ता अपने को मोहम्मद दीपक बताने वाले जिम के संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बजरंग दल के हंगामे के बाद दूसरे पक्ष से जुडे़ बाहरी प्रांतों के लोगों के कोटद्वार पहुंचने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
Hindi News India