देहरादून। 77वें गणतंत्र दिवस देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर देशभर में ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित किए गए। आज राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने का ऐतिहासिक उत्सव भी मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस पर उत्तराखंड में मुख्यमंत्री आवास और लोकभवन में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्यमंत्री आवास पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। वहीं इस दौरान सीएम धामी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की शपथ भी दिलाई। वहीं मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, संविधान निर्माताओं एवं राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया।
सीएम धामी ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान के निर्माण का महापर्व है। ये अवसर हमें स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने और अपने लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देता है। ऐसे में हम सब की जिम्मेदारी है कि संविधान के उद्देश्यों के अनुरूप न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के मूलभूत लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहें।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने ध्वजारोहण कर सभी देश और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज का यह दिन बहुत स्पेशल है, क्योंकि यह 77 साल हमारे अमृत काल और संकल्प के लिए प्रेरित करते हैं. साथ ही राज्यपाल ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों को स्मरण कर श्रद्धांजलि दी है।
राज्यपाल ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप संस्कृति, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा और सैन्य शक्ति के क्षेत्र में भारत ने विश्व मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और डिजिटल इंडिया अभियानों के कारण भारत आज वैश्विक सप्लाई चेन में एक भरोसेमंद भागीदार बन चुका है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।
Hindi News India