Wednesday , February 18 2026
Breaking News
Home / चर्चा में / देहरादून गुंजन मर्डर केस: घटना के चौथे दिन SIT ने दाखिल की चार्जशीट, 35 लोगों को बनाया गवाह

देहरादून गुंजन मर्डर केस: घटना के चौथे दिन SIT ने दाखिल की चार्जशीट, 35 लोगों को बनाया गवाह

देहरादून। राजधानी देहरादून में 2 फरवरी को हुई युवती गुंजन की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने भीतर जांच पूरी कर आरोपी आकाश पुत्र कोमल राम के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में पेश की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर गठित एसआईटी ने 35 गवाहों के बयान दर्ज कर न्यायालय में आरोप पत्र प्रेषित किया है। इस जघन्य हत्याकांड को Rarest of Rare की श्रेणी में रखते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट में कठोरतम सजा के लिए पैरवी करने के भी एसएसपी ने आदेश जारी किए।

मामले के मुताबिक, 2 फरवरी को देहरादून के मच्छी बाजार में हुई गुंजन की हत्या के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश को गिरफ्तार किया। 3 फरवरी को आकाश को अदालत में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले की जांच के लिए देहरादून एसएसपी ने एसपी सिटी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया। जिसमें एसआईटी में नामित अधिकारी सीओ सिटी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, प्रभारी एसओजी और प्रभारी फील्ड यूनिट को शामिल किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी की टीम ने दिन-रात काम करते हुए अलग-अलग मौके से सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूत जुटाए. साथ ही केस से जुड़े अहम लोगों के बयान भी दर्ज किए गए। जांच टीम ने 3 फरवरी को केस डायरी के पर्चे काटे और चार्जशीट में शामिल करते हुए 4 फरवरी को चार्जशीट को अंतिम रूप दिया। अब आज 5 फरवरी शाम तक पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी।

उधर, सामने आया है कि देहरादून दूल्हा बाजार में दिनदहाड़े गुंजन की हत्या करने का आरोपी आकाश दो दिन से धारदार हथियार लेकर घूम रहा था, 31 जनवरी को ही आकाश की पत्नी ने इसकी जानकारी गुंजन के परिजनों को दी थी, गुंजन के भाई अंश ने बताया कि आरोपी आकाश की पत्नी ने फोन करके आगाह किया था कि वह धारदार हथियार लेकर घूम रहा है, पुलिस को दी गई तहरीर में भी गुंजन के भाई ने जिक्र किया है कि आकाश ने फिल्मी स्टाइल में धमकी दी थी, आरोप है कि आकाश ने दबाव बनाया था कि अगर गुंजन उससे शादी नहीं करेगी तो वह जान से मार देगा.

एसएसपी अजय सिंह का कहना है कि घटना के बाद एसपी सिटी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। एसआईटी घटना के संबंध में हर पहलुओं पर जांच कर रही थी, साथ ही दस्तावेज, सबूत, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यदर्शी के बयान और हत्या के अन्य पहलू टीम ने इकट्ठा किए। पुलिस टीम ने जल्द कार्रवाई करते हुए इस घटना से संबंधित चार्जशीट आज दाखिल कर दी गई। एसएसपी का कहना है इस घटना में फास्ट ट्रैक कोर्ट की अपील की जाएगी, जिससे आरोपी को जल्द से जल्द सजा मिल सके।

वहीं, देर शाम पुलिस की तरफ से प्रेस रिलीज जारी करते हुए बताया कि, एसआईटी ने मुकदमे में जल्द कार्रवाई करते हुए घटनास्थल और उसके आस-पास के सीसीटीवी फुटेजों का अवलोकन कर, घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से सबूतों का संकलन किया गया। साथ ही आरोपी द्वारा घटना में प्रयोग स्कूटी को कब्जे में लेते हुए आरोपी के आने और जाने वाले रूट का चार्ट बनाया गया और घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीद गवाहों और घटना से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण गवाहों के तत्काल बयान दर्ज अंकित किए गए। इसके अतिरिक्त आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त चापड़, घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़ों, जूतों और हेलमेट को, जिसमें मृतका का खून लगा था। मृतका के कपड़ों को परिक्षण हेतु विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया।

घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत मृतका का पोस्टमॉर्टम विशेषज्ञ डाक्टरों के पैनल के माध्यम से करवाया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, चश्मदीदों के बयानों, घटना स्थल से प्राप्त किए गए भौतिक/फॉरेंसिक सबूत को ई-सबूत के माध्यम से विवेचना में समावेश करते हुए मात्र 3 दिनों में एसआईटी द्वारा लगातार विवेचनात्मक कार्रवाई पूर्ण कर 35 गवाहों को सम्मिलित करते हुए आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई। उक्त जघन्य हत्याकांड की रेयरेस्ट ऑफ रेयर श्रेणी में कोर्ट में जिरह करते हुए आरोपी को कठोरतम सजा के लिए न्यायालय में पैरवी की जाएगी।

About team HNI

Check Also

उधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का किया शुभारम्भ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 295.21 करोड़ के विकास कार्यो का किया लोकार्पण/शिलान्यास मुख्यमंत्री पुष्कर …