हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र में रविवार की रात युवकों के दो गुटों में झड़प हो गई। दोनों तरफ से गोलियां चल गई। गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा इलाका:– बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस के आला अधिकारियों ने गांव पहुंचकर मोर्चा संभाला. तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। गांव के पूर्व प्रधान विकास कुमार और जतिन चौधरी के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही है। करीब 5 महीने पूर्व दोनों पक्ष में विवाद हुआ था, जिसमें विकास कुमार ने जतिन चौधरी पर घर पर आकर फायरिंग का आरोप लगाया था। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।
एक की मौत:- रविवार देर शाम जतिन चौधरी ज्वालापुर से बहादुरपुर जट अपने गांव लौट रहा था। रेलवे फाटक के पास दोनों पक्षों का आमना सामना हो गया। दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई की गोलियां चलने लगी। बताया जा रहा है दोनों पक्षों ने कई राउंड फायरिंग की। जिसमें पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा। विकास कुमार के पक्ष के राजन को गोली लग गई। जबकि जतिन चौधरी के पेट में गोली लगी। राजन को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पथरी थाना क्षेत्र के जट बहादुरपुर गांव में दो गुटों में हुए खूनी संघर्ष के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। जांच उपरांत अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।