देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के मुख्य वित्त अधिकारी अमित जैन को निलंबित कर दिया है। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय में वित्तीय अनियमितताओं की जांच चल रही है। शासन को शिकायत मिल रही थी कि मुख्य वित्त अधिकारी अमित जैन विजिलेंस जांच को प्रभावित कर रहे हैं।
आपको बता दें कि, उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ ने भी अपर मुख्य सचिव वित्त को एक लिखित शिकायत देकर अमित जैन को यहां से हटाकर कहीं और भेजने की बात कही थी और लगातार उनके तबादला करने को लेकर पत्राचार भी हो रहा था। जैन के पास नगर निगम देहरादून में वरिष्ठ वित्तीय अधिकारी का भी अतिरिक्त चार्ज था। इसके साथ ही साल 2023 के शुरुआती महीने में ही शासन ने जैन को वरिष्ठ कोषाधिकारी रुद्रप्रयाग जनपद में तैनात किया था।
वहीं हैरानी की बात यह है इसके बाद भी जैन विश्वविद्यालय में मुख्य वित्तीय अधिकारी पद से कार्यमुक्त नहीं हो रहे थे। लिहाजा ऐसे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष निर्देश पर जैन से सभी पदों को हटाकर उन्हें फिलहाल कोषागार निदेशालय में अटैच कर दिया है। वहीं, इससे पहले 28 जून को अमित जैन से नगर निगम और आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय में मुख्य वित्त अधिकारी की जिम्मेदारी वापस ली गई थी। इन जिम्मेदारियों से हटाए जाने के बाद अमित जैन कोषागार पेंशन एवं हकदारी निदेशालय में अटैच किए गए थे।