मंगलौर। यहां चंद दिनों में ही घर में बेटी की बारात आने वाली है और उसकी मां शादी के लिए रखे जेवर और एक लाख रुपये लेकर अपने प्रेमी संग फरार हो गई। प्रेम दीवानी यह महिला चार बच्चों की मां बताई जा रही है। महिला के परिजनों ने पुलिस में तहरीर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के पति की एक वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। महिला की तीन बेटियां और एक बेटा है। महिला की बड़ी बेटी की शादी 14 दिसंबर को होनी है। लड़की की शादी के लिए घर में सोने, चांदी के जेवर और एक लाख रुपये रखे हुए थे। घर में रखे रुपये और जेवर लेकर महिला शनिवार रात प्रेमी के साथ फरार हो गई। रातभर महिला के घर न आने पर परिजनों ने तलाश की।
महिला के बार में प्रेमी संग भागने की जानकारी मिलने के बाद रविवार को पुलिस में तहरीर दी गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि महिला की तलाश की जा रही है।
