हल्द्वानी। मंडी परिसर के अंदर गल्ला मंडी के पास डबल मर्डर से हड़कंप मच गया। परिसर में युवक और युवती के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच में दोनों की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या की करने की बात सामने आई है।
हल्द्वानी में डबल मर्डर से सनसनी फैली:- जिस पत्थर से युवक और युवती के सिर कुचले गए हैं, वो शवों के पास में ही पड़ा मिला। पत्थर पर खून के निशान साफ देखे जा सकते हैं। पत्थर काफी बड़ा और वजनी है। फॉरेंसिक टीम ने पत्थर को सबूत के तौर पर चिन्हित किया है। शवों की हालत ऐसी है कि चेहरे देखकर कोई भी उन्हें नहीं पहचान सकता है।
मृतक युवक की शिनाख्त हुई:- मृतक युवक की पहचान अल्मोड़ा निवासी शुभम कुमार टम्टा के रूप में हुई है। दरअसल उसकी जेब से पुलिस को उसका आधार कार्ड मिल गया। आधार कार्ड में शुभम की जन्मतिथि 31 दिसंबर 1995 लिखी हुई है। आधार कार्ड में लिखे मोबाइल नंबर से पुलिस ने उसके बारे में जानकारी हासिल की। युवती की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न माध्यमों से उसकी पहचान करने में लगी है।
एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया:- हल्द्वानी पुलिस को जैसे ही डबल मर्डर की सूचना मिली, उनकी टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। खुद एसपी सिटी भी नवीन गल्ला मंडी में वहां पहुंचे जहां डबल मर्डर हुआ था। पुलिस टीम मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले के खुलासे के लिए टीमें गठित:- एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आज सुबह मंडी चौकी क्षेत्र में दो शव पड़े होने की सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया पत्थर से कुचल कर दोनों की हत्या हुई है।साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की टीम को मौके पर लगाया गया है। मृतकों के जेब से कुछ डॉक्यूमेंट मिले हैं। डॉक्यूमेंट के आधार पर युवक की शिनाख्त की है। युवती की शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया जा चुका है।
Hindi News India