हल्द्वानी। फतेहपुर रेंज के अन्तर्गत पीपलपोखरा गांव में जंगल में घास लेने गई महिला को बाघ उठा ले गया है। घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासन समेत वन विभाग की टीम ने कॉम्बिंग कर करीब तीन घंटे बाद महिला का शव घटनास्थल से तीन किलोमीटर की दूरी पर जंगल से बरामद किया है। वहीं, महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
अपनी बहू और अन्य महिला के साथ घास लेने गई थी महिला:- रामनगर वन प्रभाग के फतेहपुर रेंज के जंगल में घास लेने गई महिला पर बाघ ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। हालांकि, इस दौरान महिला के साथ घास लेने गई अन्य दो महिलाओं ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन बाघ महिला को घसीट कर अपने साथ तीन किलोमीटर दूर जंगल ले गया। शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और वन विभाग समेत मुखानी थाने में घटना की जानकारी दी गई।
घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर जंगल में मिला शव:- उधर, सूचना पर पुलिस प्रशासन, वन विभाग समेत स्थानीय लोगों ने जंगल में महिला को तलाश करने के लिए कॉम्बिंग अभियान चलाया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम को महिला का क्षत विक्षत शव घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर बीच जंगल में मिला। बाघ का निवाला बनी महिला का नाम गंगा देवी था, जो अपनी बहू और एक अन्य महिला के साथ घास लेने के लिए जंगल किनारे गई हुई थी।
वहीं, नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी का कहना है कि पुलिस ने वन विभाग की टीम के साथ कॉम्बिंग कर शव बरामद कर लिया है। इसके बाद पोस्टमार्टम से लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Hindi News India