देहरादून। उत्तराखंड में देर रात से बारिश आफत बनकर बरस रही है। टिहरी जिले में भारी बारिश का कहर देखने को मिला है। भारी बारिश ने घुत्तू देवलिंग भिलंग से लगे कई गांवों में जमकर तबाही मचाई है। घुत्तू देवलिंग भिलंग में भारी बारिश से गौशाला भूस्खलन की जद में आ गया। जिस कारण करीब 8 मवेशी मलबे में दब गए। वहीं 2 मवेशी घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व की टीम मौके पर पहुंच गई है और मलबा हटाने का प्रयास किया जा रहा है। घुत्तू देवलिंग से लगे 8 से 10 गांव में बादल फटने से जगह जगह भारी भूस्खलन और भू-धंसाव हो गया है।
उधर, आज कुमाऊं मंडल में नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जनपद में तेज बारिश होने की उम्मीद लगाई गई है। यानी कुमाऊं में अल्मोड़ा को छोड़कर बाकी सभी पांच जिलों को येलो अलर्ट में रखा गया है। वहीं अल्मोड़ा जिले में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद लगाई गई है। दूसरी तरफ गढ़वाल मंडल में देहरादून और पौड़ी में येलो अलर्ट रखा गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जनपद में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की भविष्यवाणी की गई है।
कर्णप्रयाग में बारिश से भारी नुकसान है। कई वाहन और घर मलबे की चपेट में आए हैं। बधाणी गांव में चार घरों के अंदर से पानी निकल रहा है। रात तीन बजे से लोगों में दहशत बनी हुई है। सुभाषनगर और अपर बाजार में कई वाहन मलबे की चपेट में आए हैं। देवतोली में एक घर का आंगन टूट गया और अन्य घरों में दरारें आई हैं। मौसम विभाग ने चार धाम रूट पर इस स्थिति को देखते हुए विशेष एहतियात बरतने को कहा है। नदियों में बारिश के कारण जल स्तर बढ़ सकता है। लिहाजा नदियों के किनारे न जाने और नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को भी इस समय विशेष ख्याल रखने की जरूरत है।
Hindi News India