देहरादून। उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक फिलहाल मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। शुष्क मौसम के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। ज्यादातर क्षेत्रों में पारा सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।
इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हो रही है, जिससे सुबह-शाम ठंड कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन दून में वर्षा के आसार नहीं हैं। शुष्क मौसम में तपिश बढ़ सकती है। दून में बुधवार को सुबह से ही धूप खिली रही। जिससे दिन में तपिश महसूस की गई और पारा भी अधिक दर्ज किया गया। आसपास के क्षेत्रों में भी दिनभर धूप खिलने से वातावरण में गर्माहट रही। इसके साथ ही ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है, जिससे सुबह-शाम ठंड कम हो गई है। दून में बीते आठ वर्ष में यह सबसे कम ठंडा फरवरी बीत रहा है। इसके साथ ही फिलहाल वर्षा के भी आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
आने वाले दिनों में बढ़ेगी गर्मी
ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी सता सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले तीन दिन प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। इस दौरान पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिली रह सकती है। साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बने रहने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.8 सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं नई टिहरी का अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को देहरादून का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स (Dehradun AQI) 383 दर्ज किया गया है, जो खराब श्रेणी में आता है।
Hindi News India