देहरादून। पिछले साल के मुकाबले इस साल विंटर सीजन में बर्फबारी और बारिश कोसों दूर है, जिसके चलते राज्य में सूखी ठंड पड़ रही है। जहां एक तरफ पहाड़ों पर चटख धूप खिलने से ठंड का असर कम होता है, तो वहीं मैदानी इलाकों में घने कोहरे ने ठिठुरन बढ़ा दी है।
उत्तराखंड में आज शुक्रवार से मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 16 जनवरी को मैदानी जिले हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्साें में घना कोहरा छाए रहने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि पर्वतीय जिले उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। खासकर 3400 मीटर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। आने वाले दिनों की बात करें तो 21 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज कुछ इस तरह ही रहने की संभावना है।
हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, तमाम शासकीय और अशासकीय विद्यालयों की आज के दिन की छुट्टी के आदेश जारी किए हैं। वहीं देहरादून और नैनीताल में 5वीं कक्षा तक के बच्चों के लिए शुक्रवार और शनिवार की छुट्टी की घोषणा की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते रोज देहरादून का अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर का अधिकतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि नई टिहरी का अधिकतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Hindi News India