नई दिल्ली। अगर आप हवाई यात्रा करने की सोच रहे हैं या फिर नए साल में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो फिर ये खबर आपके लिए है, क्योंकि अब फ्लाइट में सफर करने वालों के लिए नियम बदल गए हैं। दरअसल नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) ने हैंड बैग पॉलिसी में बदलाव किया है। जिसके तहत यात्री अब फ्लाइट के अंदर केवल एक ही हैंड बैग ले जा सकेंगे। 2 मई, 2024 के बाद की बुकिंग वाले टिकटों पर इन नियमों को लागू किया जाएगा। CISF के साथ ही BCAS यानी ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी ने मिलकर ये नए नियम तय किए हैं।
ये है नए नियम…
1 एक यात्री के पास अब सिर्फ एक हैंड बैगेज ही हो सकेगा। यह नियम घरेलू और इंटरनेशनल दोनों तरह की फ्लाइट्स के लिए है। अगर आपके पास एक से अधिक बैग हैं, तो आपको अतिरिक्त बैग की जांच करवानी होगी।
2. आपकी ट्रैवल क्लास के हिसाब से बैग के वजन की लिमिट भी तय की गई है।
- इकोनॉमी और प्रीमियम इकोनॉमी के यात्री अधिकतम 7 किलोग्राम तक वजन का एक हैंडबैग ले जा सकते हैं।
- फर्स्ट क्लास और बिजनेस क्लास वाले यात्री 10 किलोग्राम तक वजन वाला एक हैंडबैग ले जा सकते हैं।
3. हैंड बैग के लिए अधिकतम साइज लिमिट भी जारी की गई है।
- ऊंचाई: 55 सेमी (21.6 इंच)
- लंबाई: 40 सेमी (15.7 इंच)
- चौड़ाई: 20 सेमी (7.8 इंच)
आप ध्यान रखें कि आपका हैंड बैग इस साइज लिमिट के अंदर हो।
4. यदि आपने 2 मई, 2024 से पहले अपनी फ्लाइट बुक की थी, तो आप कुछ छूट के लिए पात्र हैं। यह छूट निम्न है
- इकोनॉमी क्लास के यात्री 8 किलोग्राम तक का हैंड बैग ले जा सकते हैं।
- प्रीमियम इकोनॉमी यात्री 10 किलोग्राम तक का हैंड बैग ले जा सकते हैं।
- फर्स्ट क्लास और बिजनेस क्लास के यात्री 12 किलोग्राम तक का हैंड बैग ले जा सकते हैं।
5. सिक्युरिटी चेकपॉइंट्स पर यात्रियों की भीड़ को कम करने के लिए ये नए नियम लाए गये हैं। नए नियमों से सिक्योरिटी स्टाफ को कुछ बैग ही चेक करने पड़ेंगे। इससे सिक्युरिटी चेक में लगने वाला समय घट जाएगा।
6. अब आप फ्लाइट के लिए पैकिंग करें, तो नए रूल्स का ध्यान रखें। आपका हैंड बैग तय वजन और साइज के अंदर होना चाहिए। इससे आप एयरपोर्ट पर देरी और असुविधा से बच जाएंगे।
Hindi News India