- मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ की बैठक
देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास में आयोजित बैठक में राज्य स्थापना दिवस समारोह पर होने वाले कार्यक्रमों की रूप रेखा तय की गई। यह भव्य कार्यक्रम राजधानी के साथ ही सभी जिला मुख्यालयों में भी होने चाहिए। बैठक में कैबिनेट मंत्री अरविंद पाण्डे, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. धन सिंह रावत, सचिव वित्त अमित नेगी, सचिव मुख्यमंत्री राधिका झा एवं अपर सचिव मुख्यमंत्री तथा महानिदेशक सूचना डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री द्वारा 21 वें राज्य स्थापना दिवस समारोह के संबंध में दिये गये दिशा निर्देशों के अनुसार 21 वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 8 से 11 नवंबर तक देहरादून एवं अन्य जनपदों के मुख्य राजकीय भवनों को प्रकाशमान किया जायेगा। गढ़वाल मंडल विकास निगम एवं कुमाऊ मंडल विकास निगम द्वारा भी अपने कार्यालय एवं पर्यटक आवास गृहों को प्रकाशित किया जायेगा। 8 नवम्बर को मुख्यमंत्री द्वारा माउंटेन बाइक रैली का शुभारम्भ किया जायेगा। राज्य के समस्त महाविद्यालयों में फ्री वाई-फाई कनेक्टिविटी कार्यक्रम का शुभारंभ डोईवाला से मुख्यमंत्री द्वारा किया जायेगा। डोबरा-चांटी पुल का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जायेगा। इस अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य के गठन में शहीद हुए शहीदों को 9 नवम्बर को प्रातः 9ः30 बजे शहीद स्मारक, देहरादून में श्रद्धांजलि कार्यक्रम जिला प्रशासन की देखरेख में सम्पन्न कराया जायेगा।
प्रातः 9ः55 से 12 बजे तक पुलिस लाइन देहरादून में ‘राज्य स्थापना परेड’ एवं विकास पुस्तिका का विमोचन किया जायेगा। उत्तराखंड पुलिस के जवानों द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा एवं पुलिस बल द्वारा साहसिक करतब का आयोजन किया जायेगा।