देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विधानसभा क्षेत्र सल्ट के विधायक सुरेन्द्र सिंह जीना के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने एक ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता खो दिया है। उनकी गणना हमेशा सक्रिय रहने वाले विधायकों में थी। वे वंचित वर्गों की आवाज़ मुखर करने वाले तथा अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय जीना 2007, 2012 एवं 2017 से लगातार तीसरी बार विधानसभा में विधायक रहे। वे विधानसभा के अंदर अपनी बात खुबसूरत और चुटीले अंदाज में रखते थे। छोटे एवं बड़ों के साथ उनका व्यवहार बहुत ही मधुर रहता था। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के साथ ही विधायकगणों एवं जनप्रतिनिधियों आदि ने भी स्व. जीना को श्रद्धांजलि अर्पित की।