धामी कैबिनेट: आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय अब 10 हजार, 23 प्रस्तावों पर मुहर
देहरादून: उत्तराखंड की आशा कार्यकर्ताओं को अब हर महीने 8,300 रुपये की जगह 10 हजार रुपये मानदेय मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मानदेय में 1,700 रुपये की बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई।
कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार, इस बार कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें युवाओं की भर्ती, सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों, चीनी मिलों, हरिद्वार के यातायात और वन भूमि पर बसी आबादी से जुड़े अहम फैसले शामिल हैं।
आंगनबाड़ी मानदेय पर फैसला मुख्यमंत्री करेंगे
मंत्रिमंडल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री धामी को अधिकृत कर दिया है। यानी इस मुद्दे पर अंतिम फैसला अब मुख्यमंत्री स्तर पर होगा।
कैबिनेट के फैसलों के मुताबिक, श्रम विभाग के तहत सामाजिक सुरक्षा कोष का गठन किया जाएगा। सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को भी मंजूरी मिली है, जिसके दायरे में असंगठित क्षेत्र के कर्मकार भी आएंगे। इस कोष के जरिए इन श्रमिकों के कल्याण के लिए योजनाएं चलाई जाएंगी।
इसके अलावा सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने को भी स्वीकृति दी गई है।
वन आरक्षी भर्ती में 28 साल तक के युवा कर सकेंगे आवेदन
मंत्रिमंडल के निर्णय के अनुसार, वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी, जिससे भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत मिलेगी। साथ ही उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 को भी हरी झंडी मिली है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी अहम बदलाव हुए हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा बॉन्ड लागू होगा। पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्हें दो साल तक प्रदेश में सरकारी सेवा देनी होगी।
कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ESI) में फार्मासिस्ट भर्ती के लिए अब डी फार्मा के साथ बी फार्मा योग्यता वाले अभ्यर्थी भी पात्र होंगे। उत्तराखंड एक्स-रे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को भी मंजूरी दी गई। आबकारी विभाग में 11 नए पद बनाए जाएंगे, जिनमें उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पद शामिल हैं।
हरिद्वार में तीन PRT कॉरिडोर, चीनी मिलों को बैंक गारंटी
कैबिनेट ने हरिद्वार में 21.08 किलोमीटर लंबे तीन PRT कॉरिडोर बनाने का फैसला किया है, जिनमें कुल 21 स्टेशन होंगे। पहला कॉरिडोर 15 किलोमीटर का होगा, जो सीतापुर से भारत माता मंदिर तक बनेगा। इस परियोजना का मकसद शहर में यातायात का दबाव और जाम कम करना है।
पेराई सत्र के दौरान चीनी मिलों को बैंकों से कर्ज लेने में आसानी हो, इसके लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी। खनन विभाग के तहत जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत की गई है, हालांकि खनिजों की रॉयल्टी में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के नियमों में शिथिलता देने का भी निर्णय हुआ है, जिसके लिए प्राधिकरण, यूडीए और शासन स्तर पर अनुमति की व्यवस्था होगी। राज्य में भू-उपयोग परिवर्तन की दरों में भी करीब 25 प्रतिशत की कमी की गई है।
वन भूमि पर बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति
मंत्रिमंडल ने बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि, बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति दी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत राज्य सरकार इस बारे में केंद्र को प्रस्ताव भेजेगी।
ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से जुड़ी नीति, 2026 को भी मंजूरी मिली है। सेतु आयोग के विभागीय ढांचे और IT से जुड़े पदों को स्वीकृति दी गई है।
राजस्व से जुड़े मामलों में उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति बनेगी, जबकि राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बदलाव के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति गठित होगी। उत्तराखंड महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली को मंजूरी दी गई। राज्य में काम न करने के चलते NHIDCL को निर्माण कार्यों के लिए सूचीबद्ध संस्थानों से हटाने का फैसला हुआ और पंचम विधानसभा के सत्र के सत्रावसान का प्रस्ताव भी पास किया गया।
अब बापूग्राम और बिंदुखत्ता समेत वन भूमि पर बसी आबादी से जुड़ा प्रस्ताव केंद्र को भेजा जाएगा, वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय पर मुख्यमंत्री के फैसले का इंतजार रहेगा।
