चर्चा मेंराजनीतिराष्ट्रीय

जनजातीय गौरव दिवस: पीएम मोदी ने दी 3,000 करोड़ की 246 परियोजनाओं की सौगात

गढ़चिरौली: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर रविवार को जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासी इलाकों के लिए करीब 3,000 करोड़ रुपये की 246 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया।

जनजातीय गौरव दिवस पर 173 परियोजनाओं का उद्घाटन

प्रधानमंत्री कार्यालय की जानकारी के मुताबिक इनमें से 173 परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। इनमें आदिवासी विद्यार्थियों के लिए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) और पीएम-जनमन योजना के तहत बने 100 बहुउद्देशीय केंद्र शामिल हैं। ये केंद्र गांवों में सरकारी सेवाएं पहुंचाने और सामुदायिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में काम करेंगे।

इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में जनजातीय अनुसंधान संस्थान के भवन और मिजोरम के आइजोल में रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का भी उद्घाटन हुआ। संग्रहालय मिजो स्वतंत्रता सेनानियों और आदिवासी संस्कृति की विरासत को समर्पित है।

73 परियोजनाओं की रखी गई नींव

कार्यक्रम में 73 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इनमें 19 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और 12 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्र शामिल हैं। विपणन केंद्रों का मकसद आदिवासी उत्पादकों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। बाकी 42 परियोजनाएं पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से जुड़ी हैं।

लाभार्थियों से प्रधानमंत्री का संवाद

प्रधानमंत्री ने देश के अलग-अलग हिस्सों के आदिवासी लाभार्थियों से वर्चुअल बातचीत भी की। महाराष्ट्र के यवतमाल के एक लाभार्थी ने बताया कि पीएम-जनमन के तहत पक्का घर और शौचालय मिलने से बरसात के दिनों की परेशानियां खत्म हो गई हैं। गुजरात के भरूच जिले से जुड़े एक लाभार्थी ने बांस से जुड़े काम के प्रशिक्षण और योजनाओं के फायदे के बारे में बताया।

इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि गांवों में जीवन बेहतर होने की बात सुनकर उन्हें सबसे ज्यादा संतोष मिलता है। उन्होंने बांस से जुड़े पुराने कानून का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने बांस काटने को अपराध की श्रेणी से बाहर कर आदिवासी समुदायों को इस पर पूरा अधिकार दिया। प्रधानमंत्री ने पूर्व की सरकारों पर आदिवासी समाज की अनदेखी का आरोप भी लगाया।

जनजातीय गौरव पखवाड़े का समापन

इस कार्यक्रम के साथ 1 से 15 नवंबर तक चले जनजातीय गौरव पखवाड़े का समापन हुआ। पखवाड़े के दौरान राष्ट्रपति का एकलव्य स्कूलों के विद्यार्थियों से संवाद, राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव, पारंपरिक वैद्यों का प्रशिक्षण और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के लिए स्वास्थ्य व पोषण शिविर जैसे आयोजन हुए।

हर साल 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। सरकार के अनुसार नई परियोजनाओं के पूरा होने से आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

फोटो (फाइल): Narendra Modi / Wikimedia Commons, CC BY-SA 2.0

Leave a Reply