पिथौरागढ़। एक भीषण सड़क हादसे में नगर के प्रमुख होटल व्यवसायी भुवन गुंज्याल की मृत्यु हो गई है। बताया जा रहा है कि भुवन गुंज्याल शुक्रवार की देर रात चंडाक स्थित अपने होटल में अपने स्कार्पियो कार से जा रहा थे। तभी यह हादसा हुआ।
जानकारी के मुताबिक, होटल कारोबारी भुवन गुंज्याल का चंडाक में होटल है। वह शुक्रवार की देर रात अपने वाहन से पिथौरागढ़ नगर से होटल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन चट्टान से जा टकराया और फिर पलट कर लगभग 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इधर, सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले तो उन्हें खाई में वाहन नजर आया। इस पर तुरंत सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस के साथ ही एसडीआरएफ के जवान भी मौके पर पहुंच गए और शव को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भुवन गुंज्याल फुटबॉल के अच्छे खिलाड़ी भी थे।
मृतक नगर के प्रमुख व्यापारी परिवार से हैं। चंडाक में उनका मधुर नाम का नगर का सबसे बड़ा होटल है। नगर के धर्मशाला में कपड़े की दुकान भी है, जो नगर की पुरानी दुकानों में से एक है। दुर्घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शोक जताते हुए परिजनों से बात कर सांत्वना दी।
Hindi News India