राजीव के निधन से शोक में डूबा कपूर खानदान
मुंबई। राज कपूर के छोटे बेटे और अभिनेता राजीव कपूर का आज मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 58 साल के थे। उनके निधन से कपूर खानदान में शोक की लहर है। उनके बड़े भाई रणधीर कपूर आखिरी समय उनके साथ मौजूद थे। चाचा राजीव कपूर के निधन की खबर सुनकर करीना कपूर और करिश्मा कपूर उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचीं।
नीतू कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर राजीव कपूर की एक तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने श्रद्धांजलि दी। नीतू कपूर ने कैप्शन में लिखा- ‘RIP’. उनके इस पोस्ट पर कई सितारों ने शोक जताया है। बताया जा रहा है राजीव कपूर सुबह तक ठीकठाक थे। नाश्ते के बाद उन्हें हल्की सी बेचैनी हुई। वह कुछ समझ पाते या किसी को कुछ बता पाते, तभी उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। रणधीर कपूर ने बहुत सदमे में ये जानकारी सार्वजनिक की। उन्होंने कहा, “मैंने अपने सबसे छोटे भाई राजीव को खो दिया है। चिकित्सकों ने बहुत कोशिश की पर वे उन्हें बचा नहीं सके।”
राजीव कपूर का जन्म 25 अगस्त 1962 को मुंबई में हुआ था। राजीव ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत एक सहायक निर्देशक बनकर की थी। सबसे पहले वह आरके बैनर के तले बनी फिल्म बीवी ओ बीवी के निर्देशक राहुल रवैल के सहायक निर्देशक रहे। इसके बाद खुद राज कपूर ने ही उन्हें अपने साथ एक सहायक निर्देशक के तौर पर रखा। बतौर अभिनेता उन्होंने फिल्म एक जान हैं हम (1983) से डेब्यू किया था। राजीव कपूर को फिल्म राम तेरी गंगा मैली (1985) से बड़ी पहचान मिली थी। उनकी मुख्य फिल्मों में आसमान, लवर ब्वॉय, जबरदस्त, हम तो चले परदेस, अंगारे और नाग नागिन हैं।
