उत्तरकाशी। 19 अप्रैल से उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा शुरू हो चुकी है। मां गंगा की डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा से गंगोत्री और मां यमुना की डोली खरसाली से अपने धाम यमुनोत्री पहुंची। इसके साथ ही गंगोत्री यमुनोत्री में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया है। हर साल लाखों श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होकर आध्यात्मिक शांति और आस्था का अनुभव करते हैं।
सरकार ने इस बार यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए कई अहम व्यवस्थाएं की हैं, जिनमें रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को अनिवार्य किया गया है। यात्रा पर जाने से पहले पंजीकरण करना जरूरी है, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अगर आप भी इस पवित्र यात्रा का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को समझना बेहद जरूरी है।
चार धाम में शामिल प्रमुख स्थल
यमुनोत्री
गंगोत्री
केदारनाथ
बद्रीनाथ
रजिस्ट्रेशन क्यों जरूरी है?
सरकार द्वारा रजिस्ट्रेशन अनिवार्य करने का उद्देश्य तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन सहायता को बेहतर बनाना है। इससे यात्रा के दौरान किसी भी समस्या में तुरंत मदद मिल पाती है।
यहाँ भी पढ़े: यात्रा के पहले ही दिन यमुनोत्री रूट पर दो तीर्थयात्रियों की मौत
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
- चार धाम यात्रा पर जाने से पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना जरूरी है। इसके लिए आपको registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाना होगा और Register/Login विकल्प पर क्लिक करके अपना अकाउंट बनाना होगा।
- रजिस्ट्रेशन के दौरान नाम, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पहचान से जुड़ी जानकारी भरनी होती है। इसके बाद मोबाइल नंबर और ईमेल पर OTP भेजा जाता है, जिससे वेरिफिकेशन पूरा होता है।
- लॉगिन करने के बाद अपने साथ यात्रा करने वाले सभी लोगों की जानकारी जैसे नाम और उम्र लिखनी होती है। फिर यात्रा की तारीख और किन-किन धामों में जाना है, यह चयन करना होता है।
- इसके बाद वैध पहचान पत्र की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होती है। प्रक्रिया पूरी होने पर मोबाइल पर URN (Unique Registration Number) मिलता है। इसी के आधार पर पंजीकरण पत्र डाउनलोड करना जरूरी होता है, जिसे यात्रा के दौरान साथ रखना होता है।
ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन
- अगर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं करना चाहते, तो ऑफलाइन विकल्प भी उपलब्ध है। इसके लिए हरिद्वार, ऋषिकेश, सोनप्रयाग और बरकोट में बने रजिस्ट्रेशन काउंटर पर जाकर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
- यहां फोटोमेट्रिक या बायोमेट्रिक पंजीकरण किया जाता है, जिसमें आपकी फोटो और जरूरी जानकारी तुरंत दर्ज की जाती है। यात्रा सीजन में भीड़ अधिक रहती है, इसलिए समय से पहले पहुंचना बेहतर रहता है।
जरूरी डॉक्यूमेंट
- चार धाम यात्रा के लिए वैध पहचान पत्र होना अनिवार्य है। इनमें आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं।
- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के दौरान इन डॉक्यूमेंट्स की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होती है, जबकि ऑफलाइन प्रक्रिया में ओरिजिनल डॉक्यूमेंट दिखाना जरूरी होता है।
- यात्रा के दौरान हमेशा अपना आईडी प्रूफ साथ रखें, ताकि किसी भी चेकिंग या जरूरत के समय परेशानी न हो।
Hindi News India