रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने आज गुरुवार को तिलवाड़ा में आयोजित ‘पार्टी कार्यकर्ता संवाद’ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि केन्द्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन के बीच पहुचाएं। इस मौके पर उन्होंने गुप्तकाशी को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की। साथ ही कहा कि सरकार प्रत्येक महाविद्यालय में पानी की शुद्धता जांच के लिए अत्याधुनिक लैब की स्थापना करेगी। इसके दो लाभ होंगे पहला यह कि जनता को शुद्ध पानी मिलेगा दूसरा यह कि जांच की एवज में इन लैब्स को शुल्क दिया जाएगा। इस शुल्क का उपयोग महाविद्यालय की शिक्षण व्यवस्था के सुधार में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी में ‘कार्यकर्ता’ का पद और दायित्व सबसे महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक की पदवी वापस लिए जा सकती है पर कार्यकर्ता का दायित्व स्थायी होता है। कार्यकर्ता ही किसी पार्टी की रीढ़ होते हैं, उनकी सक्रियता पर ही पार्टी का भविष्य निर्भर होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावी मोड में आने का वक़्त आ चुका है। सरकार की उपलब्धियां प्रत्येक कार्यकर्ता की जुबान पर होनी चाहिए और घर-घर तक उपलब्धियां पहुंचनी चाहिए। इस मौके पर रुद्रप्रयाग के विधायक भरत चौधरी, पूर्व विधायक शैलारानी रावत, आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदीप शाह व पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
Hindi News India