- वीरभट्टी में बैली ब्रिज हल्द्वानी-भवाली-कर्णप्रयाग हाईवे 15 घंटों से बंद
देहरादून। हल्द्वानी-भवाली-कर्णप्रयाग हाईवे वीरभट्टी में बैली ब्रिज के पास शुक्रवार को भूस्खलन होने से पिछले 15 घंटे से मार्ग बंद है। आज शनिवार सुबह नौ बजे से यहां मार्ग खोलने के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई है और मार्ग खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
देहरादून में शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक रुक-रुक कर बारिश जारी है। मसूरी में आज शनिवार को बादल छाए हुए। यहां शुक्रवार देर रात से बारिश हो रही थी। डोईवाला में भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है। गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात हेतु सुचारु हैं। हरिद्वार में फिलहाल बादल छाए हैं। यहां शुक्रवार रात भर बारिश होती रही।
चीन-भारत सीमा को जोड़ने वाला जोशीमठ-मलारी हाईवे पिछले आठ दिनों से बंद पड़ा है। वहीं नैनीताल में एक घंटे से ज्यादा समय तक के लिए मूसलाधार बरिश हुई। हल्द्वानी-भीमताल-भवाली-रानीखेत मार्ग की तरह ही हल्द्वानी-ज्योलीकोट-भवाली-रानीखेत मोटर मार्ग भी कुमाऊं के पर्वतीय जिलों को जोड़ने वाली लाइफ लाइन है। इस मार्ग के बंद होने से रसद, गैस सिलिंडर और अन्य सामग्री की पहाड़ों के लिए सप्लाई में दिक्कतें आ रही हैं।
बागेश्वर में अतिवृष्टि के दौरान कपकोट के दोफाड़ गांव में भूस्खलन होने से 16 मवेशियों की मौत हो गई है। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को शाम करीब चार बजे दोफाड़ के लोकपाल सिंह पुत्र कल्याण सिंह के गोशाला में भूस्खलन होने से दो बैल, एक गाय, एक बछिया और 20 बकरियों की मौत हो गई। प्रभावित परिवार ने मदद की गुहार लगाई है।