देहरादून। भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत को लिगामेंट इंजरी के उपचार के लिए मुंबई ले जाया गया। कार दुर्घटना में घायल ऋषभ पंत की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। लेकिन उनके शरीर के कुछ हिस्सों में अभी भी दर्द और सूजन है। जिसके लिए उन्हें पेन मैनेजमेंट थेरेपी दी जा रही है। ऋषभ पंत को इलाज के लिए मुंबई भेज दिया गया है। अभी तक ऋषभ पंत देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। ऋषभ पिछले 6 दिन से देहरादून के अस्पताल में भर्ती थे। ऋषभ को देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से एयरलिफ्ट कर दिया गया है। इससे पहले डीडीसीए यानी दिल्ली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ने ट्वीट करके जानकारी दी थी कि ऋषभ पंत को आज ही आगे के इलाज के लिए मुंबई शिफ्ट किया जाएगा।
बीसीसीआई और डीडीसीए की टीम भी लगातार इस ऋषभ पंत के स्वास्थ्य पर नजर बनाई हुई है। कुछ दिनों पहले ही डीडीसीए की टीम मैक्स अस्पताल पहुंची थी। टीम ने ऋषभ पंत का इलाज कर रहे डॉक्टरों से बातचीत कर तमाम जानकारियां भी ली थी। हालांकि उस दौरान ही ऋषभ पंत को कहीं और शिफ्ट किए जाने की चर्चाएं जोरों पर थी। अब जब ऋषभ पंत की स्थिति काफी सामान्य हो गई है। ऐसे में उनके इलाज के लिए मुंबई के लीलावती अस्पताल में उनको शिफ्ट किया जा रहा है। बहरहाल, ऋषभ पंत को मैक्स हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किए जाने के बाद एंबुलेंस के माध्यम से जौलीग्रांट एयरपोर्ट ले जाया गया। वहां से ऋषभ पंत को मुंबई के लिए एयर लिफ्ट किया गया है. ऋषभ पंत के साथ उनके परिजन भी मौजूद हैं।
Hindi News India