थराली से हरेंद्र बिष्ट।
नगर पंचायत थराली में नियमित अधिशासी अधिकारी की मांग को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी के साथ ही स्थानीय लोगो ने मिलकर उपजिलाधिकारी थराली के माध्यम से जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन भेजकर थराली में नियमित अधिशासी अधिकारी की मांग की हैं।
उल्लेखनीय है कि थराली नगर पंचायत के नियमित गठन को 2 वर्ष से भी अधिक का समय बीत जाने के बावजूद यहां पर आज तक नियमित एवं पूर्ण ईओ की नियुक्ति नही हो पाई हैं। 2 वर्षों के दौरान ही यहां पर कुल 5 अधिशासी अधिकारी को ईओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया हैं। वर्तमान में भी ईओ का प्रभार दिया गया हैं। वर्तमान में भी ईओ का चार्ज थराली तहसील में तैनात नायब तहसीलदार रवि शाह को सौंपा गया है।
लगातार ईओ का प्रभार बदलने एवं स्थाई ईओ तैनात न होने का प्रभाव इस नगर पंचायत के विकास कार्यों पर पड़ रहा है। इसके अलावा ईओ स्तर से संपादित होने वाले आम नागरिकों को अपने कार्यों के संपादन के लिए भी भटकने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इस नगर पंचायत में स्थाई ईओ की नियुक्ति की मांग को लेकर अब नगर कांग्रेस कमेटी थराली के साथ ही आम नागरिकों ने उपजिलाधिकारी थराली सुधीर कुमार से भेंट कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा हैं। जिसमें तत्काल थराली में स्थायी ईओ की नियुक्ति की मांग करते हुए जल्द मांग पूरी न किए जाने पर जन आंदोलन की चेतावनी दी गई हैं। ज्ञापन में पूर्व जिपंस प्रीतम सिंह रावत, अब्बल सिंह गुसाईं, मनोज चंदोला, मनोज रावत हेमंत चंदोला आदि के हस्ताक्षर हैं।
इधर नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अब्बल सिंह गुसाईं, नगर पंचायत के अपर बाजार वार्ड से पार्षद हरीश पंत आदि ने बताया कि नियमित ईओ के अभाव में विकास कार्य तो प्रभावित हो रहे हैं। पंचायत के निर्माण कार्यों पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा हैं। बताया कि लंबे समय से धनराशि होने के बावजूद भी पंचायत कार्यालय के द्वारा निर्माण कार्यों की निविदाएं तक आमंत्रित नही हो पा रही हैं। जिस कारण तमाम जरूरी कार्य तक नहीं हो पा रहे हैं।