देहरादून। मैदानी क्षेत्रों में सर्दी का सितम जारी है। बुधवार को हल्द्वानी सहित आसपास के कई इलाके कोहरे की चादर में लिपटे रहे। शीतलहर का प्रभाव इतना जबरदस्त था कि दिन के समय पाला बारिश की बूंदों के जैसे बरसता रहा। सर्द हवाएं चलने से बढ़ी ठिठुरन ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वहीं, आगामी कुछ दिनों तक मौसम की मार से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार आज मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाए रहने के आसार हैं। जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में पाला गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार 11 और 12 जनवरी को मौसम में बदलाव देखा जा सकता है। राज्य के ऊंची चोटियों में बर्फबारी होने की संभावना है। जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है, जिसके चलते तापमान में भी गिरावट आएगी। इसके साथ ही ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
बता दें बीते बुधवार को राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान 18.9 दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा। तो उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 15.0 दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर नई टिहरी का अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस रहा।