बाजपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में पत्नी के द्वारा घरेलू झगड़े में पति की तवे से पीट पीटकर हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। हत्या के बाद पत्नी ने अपने ससुर से कहा कि उसके पति को कुछ हो गया है। जब ससुराल वाले कमरे में पहुंचे तो उनके होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात शहर के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी चंद्रप्रकाश और उसकी पत्नी कंचन के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। नाराज कंचन ने तवे और लकड़ी की फंटी से चंद्रप्रकाश के सिर पर पर हमला कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे उसने अपने ससुर शंकर से कहा कि पति को कुछ हो या है। परिजनों ने जाकर देखा तो चंद्रप्रकाश के नाक और सिर से खून बह रहा था। सूचना पर कोतवाल मनोज रतूड़ी, एसएसआई विनोद फर्त्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता शंकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहू के पास एक युवक का फोन आता है। चंद्रप्रकाश को इसका पता चल गया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था। चंद्रप्रकाश नशे का आदी भी था। पूछताछ में कंचन ने चंद्रप्रकाश के नशे करने और आए दिन मारपीट करने की बात कही। मृतक के पास के कमरे में एक मूक बधिर परिवार रहता था। जिससे विवाद के शोरगुल का पता नहीं चल सका। बताया जा रहा है कि हमला के दौरान मौत के बाद महिला ने चंद्रप्रकाश को बैड पर लिटा दिया था।
सीओ अन्न राम आर्या ने बताया कि मृतक चंद्र प्रकाश के पिता शंकर सिंह की तहरीर पर अभियुक्ता बहू को आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी कर ली है, साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तवा भी बरामद कर लिया है।
Hindi News India