उत्तरकाशी। सीमांत उत्तरकाशी जिले के डुंडा में भागीरथी नदी में एक महिला और युवती बह गई। जिनका अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ समेत क्यूआरटी की टीमें सर्च अभियान चला रही है।
जानकारी देते हुए एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि सोमवार दोपहर को कुंसी गांव निवासी सोनम पुत्री सोबन सिंह (उम्र 20 वर्ष) और राजेश्वरी पत्नी जगमोहन सिंह (उम्र 30 वर्ष) नाकुरी के शिव मंदिर के पास भागीरथी नदी से गंगाजल भर रही थी। तभी अचानक पैर फिसलने के कारण दोनों नदी के तेज बहाव में बह गईं।
सूचना मिलने पर डुंडा एसडीएम राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खोज-बचाव अभियान के लिए मनेरी भाली जल विद्युत परियोजना द्वितीय से नदी का पानी भी रुकवाया। इसके अलावा नाकुरी और आसपास के क्षेत्र में एनडीआरएफ समेत एसडीआरएफ और क्यूआरटी नदी में बही महिला और युवती को ढूंढने का प्रयास कर रही है। वहीं, चिन्यालीसौड़ में एसडीआरएफ की गोताखोर टीम भी टिहरी झील में सर्च अभियान चल रही है।
बता दें कि उत्तरकाशी जिले में आज सुबह और हादसा हुआ है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओरछा बैंड के पास अचानक ऊपर से पत्थर आने के कारण मैक्स वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई। वाहन चालक गाड़ी के अंदर ही फंसा रहा। जिस कारण उसकी जान नहीं बच पाई। जबकि दो अन्य सामान्य घायल है।
Hindi News India