पिथौरागढ़ में लोनिवि की खुली पोल : दो साल से भुगतान को भटक रहा ठेकेदार जान देने पहुंचा !
पिथौरागढ़। यहां के बेरीनाग में दो साल से भुगतान के लिये भटक रहे लोनिवि के ठेकेदार भगवत भौर्याल पेट्रोल लेकर लोक निर्माण विभाग के कार्यालय परिसर में अपनी पत्नी रेखा भौर्याल से साथ आत्मदाह करने पहुंचे। मौके पर पहले से मौजूद थानाध्यक्ष हेमचन्द्र तिवारी ने भगवत को समझाया और विभागीय अधिकारियों को उसका भुगतान करने को कहा।
इस दौरान भगवत और और पत्नी ने लोनिवि के सहायक अभियंता संजीव भट्ट और अवर अभियंता को जमकर खरी खोटी सुनाई। साथ ही पूर्व में तैनात सहायक अभियंता संजय वर्मा पर भुगतान ना करने का आरोप लगाते हुए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। इस दौरान सहायक अभियंता संजीव भट्ट ने शीघ्र भुगतान की कार्रवाई करने की बात कही। पुलिस और एलआईयू के अधिकारियों ने भगवत भौर्याल को समझाया, तब जाकर उन्होंने आत्मदाह का निर्णय वापस लिया। ठेकेदार ने अधिशासी अभियंता को पत्र देकर 22 जुलाई तक भुगतान न होने पर परिवार सहित सामूहिक रूप से लोनिवि कार्यालय में आंदोलन करने की चेतावनी दी।
मिली जानकारी के अनुसार 2 साल पहले ठेकेदार भगवत भौर्याल ने लोनिवि के तहत दौलीगाड़ पौषा मोटर मार्ग में 2 किलोमीटर का कार्य किया था, लेकिन उसे 2 साल बाद भुगतान नहीं किया गया। इस पर एक सप्ताह पहले भगवत ने 18 जुलाई तक भुगतान न करने पर लोनिवि कार्यालय में आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। भगवत का लोनिवि पर 6 लाख रुपए का भुगतान बकाया है।
