Thursday , April 18 2024
Breaking News
Home / चर्चा में / डेल्टा से 5 गुना ज्यादा खतरनाक ओमिक्रॉन की भारत में एंट्री!

डेल्टा से 5 गुना ज्यादा खतरनाक ओमिक्रॉन की भारत में एंट्री!

  • कोरोना वायरस के इस नए वैरिएंट के दो मरीज कर्नाटक में मिले, एक 46 और दूसरा 66 साल का

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट के खतरे को देखते हुए 1 दिसंबर की आधी रात के बाद से आज गुरुवार तक 10 यात्रियों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। करीब 8 हजार लोगों का आरटी पीसीआर टेस्ट किया गया है।
कोरोना का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन भारत में भी पहुंच गया है। देश में इसके पहले दो मरीज कर्नाटक में मिले हैं। इनमें एक की उम्र 46 और दूसरे की 66 साल है। हेल्थ मिनिस्ट्री के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने आज गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के तेजी से फैलने की आशंका है। यह डेल्टा से 5 गुना तक ज्यादा संक्रामक हो सकता है। अब तक ओमिक्रॉन के 29 देशों में 373 केस मिल चुके हैं।
आईसीएमआर के डीजी बलराम भार्गव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की बनाई 37 लैब में संक्रमितों की जीनोम सीक्वेंसिंग की जा रही है। इनमें कर्नाटक के दो सैंपल में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों लोग विदेशी हैं। ये 11 और 20 नवंबर को बेंगलुरु आए थे। उनके संपर्क में आए सभी लोगों की पहचान कर ली गई है और उनकी निगरानी की जा रही है। भार्गव ने कहा कि हमें घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन जागरूकता बेहद जरूरी है। इससे संक्रमित सभी मामलों में अब तक हल्के लक्षण पाए गए हैं। देश और दुनिया भर में अब तक ऐसे सभी मामलों में कोई गंभीर लक्षण नोट नहीं किए गए हैं। डब्ल्यूएचओ इस पर स्टडी कर रहा है।
अग्रवाल ने बताया कि एक महीने से देश में कोरोना के केस लगातार घट रहे हैं। चिंता की बात यह है कि 15 जिलों में अब भी पॉजिटिविटी रेट 10% से ज्यादा है। 18 जिलों में यह रेट 5 से 10% बनी हुई है। केरल और महाराष्ट्र ही दो राज्य हैं जहां 10 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं। देश के 55% से ज्यादा केस यहीं हैं। उन्होंने बताया कि 49% आबादी को वैक्सीन के दोनों डोज लगे। घर-घर जाकर वैक्सीन लगाने का अभियान शुरू हो चुका है। देश में अभी कोरोना के 99,763 एक्टिव केस हैं। पिछले 24 घंटे में 9,765 नए मामले सामने आए हैं।
मुंबई में दक्षिण अफ्रीका से आए 4 यात्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके सैंपल्स को जीनोम टेस्टिंग के लिए भेजा गया है। मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने बताया कि ‘एट रिस्क’ देशों से आने वाले यात्रियों का आरटी पीसीआर अनिवार्य किया गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया आज राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें एयरपोर्ट पर कोरोना टेस्टिंग और सर्विलांस के उपायों की समीक्षा की जाएगी। वहीं कल ही भारत ने विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए नियमों को कड़ा किया है। खास तौर से उन देशों से जहां ओमिक्रॉन केस मिले हैं।
ओमिक्रॉन के खतरे के बीच दिल्ली में एट रिस्क देशों से आए 4 और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उन्हें लोक नारायण जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि विदेश से आने वाले हर यात्री के लिए एयरपोर्ट पर आरटी पीसीआर टेस्ट कराना अनिवार्य होगा।
देश में इंटरनेशनल फ्लाइट से लौटने वालों का आरटी पीसीआर टेस्ट करने की गाइडलाइन लागू होने के बाद बीते बुधवार को मुंबई में तीन पैसेंजर पॉजिटिव मिले। ये पैसेंजर मॉरीशस और लंदन से लौटे थे। मंगलवार को आइसोलेट किए गए एक विदेशी यात्री की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट भी बुधवार को पॉजिटिव आई। इन चार नए मामलों के साथ ही अब मुंबई में नए कोरोना वैरिएंट ओमिक्रॉन के संदिग्ध केस की संख्या पांच हो गई है। इन चारों के सैंपल भी जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेज दिए गए हैं।
पुणे की सीरम इंस्टीट्यूट ने भारत में बूस्टर डोज के रूप में कोवीशील्ड वैक्सीन के लिए डीसीजीआई से अनुमति मांगी है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने देश में वैक्सीन के पर्याप्त स्टॉक और नए कोरोना वायरस वेरिएंट के उभरने की आशंका के चलते बूस्टर शॉट की मांग का हवाला दिया है। देश के ड्रग्स कंट्रोलर जनरल को दिए आवेदन में सीरम इंस्टीट्यूट के नियामक मामलों के डायरेक्टर प्रकाश कुमार सिंह ने बताया कि ब्रिटेन की मेडिकल रेगुलेटरी ने एस्ट्राजेनेका की कोविड वैक्सीन की बूस्टर खुराक को पहले ही मंजूरी दे दी है। ऐसे में भारत में भी कंपनी के वैक्सीन को मंजूरी देनी चाहिए। ताकि समय रहते बूस्टर खुराक तैयार करने में आसानी रहे

About team HNI

Check Also

चुनावी मौसम में जनता को राहत, कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता…

नई दिल्ली। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कटौती …

Leave a Reply