प्रवासी सम्मेलन में सीएम धामी बोले- प्रवासियों से विकास को मिलेगी नई गति
देहरादून: देश के अलग-अलग हिस्सों में बसे उत्तराखण्ड के लोगों को राज्य के विकास से सीधे जोड़ने की दिशा में शुक्रवार को एक अहम संदेश दिया गया। दून विश्वविद्यालय, केदारपुरम में आयोजित तीसरे प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रवासियों को प्रदेश की अमूल्य पूंजी बताया और कहा कि उनके अनुभव व सामर्थ्य से उत्तराखण्ड की विकास यात्रा को नई रफ्तार मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में पहुंचे प्रवासियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन किसी परिवार के उन सदस्यों के मिलन जैसा है, जो लंबे अरसे बाद एक साथ घर लौटे हों। उन्होंने सभी से अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहने की अपील की।
गांव गोद लेने वाले 30 प्रवासियों का जताया आभार
सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने उन 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिन्होंने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में हाथ बंटाने की पहल की है। उन्होंने इसे मातृभूमि के प्रति लगाव और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण बताया।
धामी ने उम्मीद जताई कि इस पहल से दूसरे प्रवासी भी अपने गांवों के लिए आगे आएंगे। उन्होंने कहा कि प्रवासी अपनी प्रतिभा और मेहनत से अलग-अलग क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं, ऐसे में उनके ज्ञान, संसाधन और अनुभव का लाभ राज्य को भी मिलना चाहिए।
सरकार ने गिनाईं अपनी उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते वर्षों में राज्य के बजट और प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है और सख्त नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है।
उनके अनुसार पिछले पांच साल में 35 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है, जबकि 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई गई है। प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और उन्हें जल्द प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकत्रियों और भोजन माताओं के मानदेय में जल्द बढ़ोतरी की जाएगी।
बागवानी मिशन से लेकर बांध और हवाई संपर्क तक
धामी ने बताया कि खेती-बागवानी को रोजगार का जरिया बनाने के लिए एप्पल मिशन, कीवी मिशन और तिमुर मिशन चलाए जा रहे हैं। स्थानीय उत्पादों के ब्रांड हाउस ऑफ हिमालयाज के जरिए छह करोड़ रुपये से ज्यादा की बिक्री हो चुकी है, जिससे किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों को नए अवसर मिल रहे हैं।
बुनियादी ढांचे पर उन्होंने कहा कि देहरादून और आसपास के इलाकों की अगले 50 वर्षों की पेयजल जरूरतों के लिए सौंग बांध परियोजना पर काम चल रहा है। जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाएं भी आगे बढ़ रही हैं, जबकि किशाऊ बांध के लिए समझौता ज्ञापन हो चुका है। इसके अलावा किच्छा में एम्स का सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार और हेलीपोर्ट निर्माण पर भी काम हो रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्रियों और अधिकारियों ने भी रखी बात
पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि राज्य बनने के समय उन्हें अपने गांव तक पैदल जाना पड़ता था, जबकि आज दूरस्थ गांवों तक सड़कें पहुंच चुकी हैं। उन्होंने लिपुलेख तक सड़क बनने का जिक्र करते हुए कहा कि अब श्रद्धालु भारतीय भूमि से ही कैलाश पर्वत के दर्शन कर पा रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने राज्य की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने प्रवासियों से अपने पैतृक गांव में घर बनाने की अपील की।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने प्रवासियों को राज्य का असली ब्रांड एंबेसडर बताया। उन्होंने जानकारी दी कि अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ और अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद बनाई गई है। प्रवासियों के पंजीकरण के लिए एक वेबसाइट भी तैयार की गई है।
सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी और अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सरकार ने प्रवासियों से वेबसाइट पर पंजीकरण कराकर निवेश, पर्यटन और स्वरोजगार जैसे क्षेत्रों में आगे आने का आह्वान किया है।
