चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में चारधाम यात्रा पर आई उत्तर प्रदेश की एक महिला श्रद्धालु की बुधवार को गौचर मेला ग्राउंड में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के पचोखरा निवासी राजकुमारी (67) पत्नी शशिकांत शर्मा बीते 15 मई को परिजनों के साथ चारधाम यात्रा पर निकली थीं। ऋषिकेश से वह बस से बदरीनाथ की ओर जा रही थीं। इसी दौरान गौचर ग्राउंड के पास विपरीत दिशा से आ रही बस के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए महिला को अग्रिम दाहिने टायर से कुचल दिया। चौकी इंचार्ज मानवेंद्र गुसाईं ने बताया कि लहूलुहान महिला को तुरंत प्राथमिक चिकित्सालय गौचर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी चालक मितेश कुमार मोदी (निवासी मेहसाना, गुजरात) को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली गई है। दोनों बसों के अन्य यात्रियों को दूसरी बसों से बद्रीनाथ के लिए रवाना किया गया है।
Hindi News India