उत्तराखण्डचर्चा मेंराज्य

खटीमा को जाम से राहत: CM धामी ने 14.97 करोड़ की सड़क योजना का किया भूमि पूजन

खटीमा: खटीमा शहर में लंबे समय से जाम और संकरी सड़क की परेशानी झेल रहे लोगों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। इस मोटर मार्ग के चौड़ीकरण पर करीब 14.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाने प्रस्तावित हैं।

भूमि पूजन का कार्यक्रम सितारगंज रोड स्थित राणा मार्केट में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।

जाम से मिलेगी राहत, आवाजाही होगी आसान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ी होने का सीधा फायदा स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को मिलेगा। साथ ही आसपास के इलाकों से खटीमा आने-जाने वाले लोगों का सफर भी सुगम होगा।

उन्होंने कहा कि चौड़ी सड़क से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और शहर में लगने वाले जाम को कम करने में भी मदद मिलेगी।

खटीमा से मां-बेटे जैसा रिश्ता: धामी

मुख्यमंत्री ने खटीमा की जनता के प्रति आभार जताते हुए भावुक अंदाज में कहा कि इस क्षेत्र से उनका नाता केवल एक जनप्रतिनिधि का नहीं है। उनके शब्दों में, खटीमा के साथ उनका संबंध मां और बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है।

धामी ने कहा कि यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद ही उन्हें लगातार प्रदेश की सेवा करने की ऊर्जा देता है। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। रास्ते में कई जगहों पर स्थानीय लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।

शिक्षा, सड़क और पर्यटन पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई विकास कार्य चल रहे हैं।

शिक्षा के क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण के साथ आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण जैसे कार्यों को गिनाया। उन्होंने कहा कि सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाएं विकसित होने से स्थानीय लोगों को फायदा मिल रहा है।

किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चीनी मिल के संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान को सरकार प्राथमिकता दे रही है। इसके अलावा खटीमा में जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए भी बड़े स्तर पर काम किए जा रहे हैं।

पर्यटन को लेकर उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती और अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं वाला नगर बनाना उनकी प्राथमिकता है। भूमि पूजन के बाद अब खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक चौड़ीकरण का काम आगे बढ़ेगा, और सरकार ने क्षेत्र से जुड़े अन्य विकास कार्यों को भी पूरी प्रतिबद्धता से जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply