देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में ग्लेशियर फटने के बाद लोगों के बीच दहशत का माहौल है। अब तक वहां टनल में फंसे 16 लोगों को निकाला गया और 10 शव बरामद किये जा चुके हैं। इस घटना के कारण देवप्रयाग से हरिद्वार तक हाई अलर्ट जारी किया गया है। ऋषिगंगा घाटी में आज रविवार सुबह हिमखंड के टूटने से अलकनंदा और इसकी सहायक नदियों में अचानक आई विकराल बाढ़ के बाद मौके पर मौजूद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि नदी के बहाव में कमी आई है जो राहत की बात है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
रावत ने ट्वीट किया, ‘राहत की खबर ये है कि नंदप्रयाग से आगे अलकनंदा नदी का बहाव सामान्य हो गया है। नदी का जलस्तर सामान्य से अब एक मीटर ऊपर है लेकिन बहाव कम होता जा रहा है। राज्य के मुख्य सचिव, आपदा सचिव, पुलिस अधिकारी एवं मेरी समस्त टीम आपदा कंट्रोल रूम में स्थिति पर लगातार नज़र रख रही है।’