वर्ष 2024 से पूर्व गांवों में हर घर में पहुंचाएंगे जल : त्रिवेंद्र
- ‘जल जीवन मिशन’ की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, इस मिशन के तहत होने वाले कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता में रखा जाये
देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने आज शुक्रवार को सचिवालय में ‘जल जीवन मिशन’ की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि इस मिशन के तहत होने वाले कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता में रखा जाये। वर्ष 2024 से पूर्व हमें ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर में जल पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इसके लिए प्रत्येक वर्ष का टारगेट बनाया जाये। पानी की उपलब्धता के साथ ही शुद्धता का भी पूरा ध्यान रखा जाय। ऐसे क्षेत्र चिन्हित किये जाय, जहां पानी की गुणवत्ता सही नहीं हैं, उन क्षेत्रों के लिए पूरा प्लान भी बनाया जाय। इस मिशन के सफल क्रियान्वयन के लिए पेयजल, राजस्व एवं वन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर इस मिशन के तहत निर्धारित लक्ष्य पूरा करें।

‘जल जीवन मिशन’ के तहत अगले दो वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में 75 प्रतिशत तक पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस वर्ष 03 लाख 58 हजार 880 घरों को इस मिशन के तहत पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल उपलब्ध कराने के लिए 90 प्रतिशत धनराशि केन्द्र सरकार एवं 10 प्रतिशत धनराशि राज्य सरकार द्वारा दी जायेगी। इस मिशन के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 में रेट्रोफिटिंग एवं नई स्कीम के तहत कुल 1465 करोड़ रूपये के कार्य किये जायेंगे।
प्रतिदिन 16 घंटे पेयजल की उपलब्धता के लिए 22 अर्द्धनगरीय क्षेत्रों में कार्य किये जा रहे हैं। इस प्रोजक्ट के तहत 96,797 घरों को लाभ मिलेगा। यह प्रोजक्ट 877.50 करोड़ रुपये का है। इस प्रोजक्ट के तहत 22 में से 12 स्कीम पर कार्य शुरू हो गये हैं। बैठक में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, सचिव नितेश झा, सौजन्या, एमडी स्वजल उदयराज एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
