Thursday , April 25 2024
Breaking News
Home / उत्तराखण्ड / थराली विधायक की कर्णप्रयाग में अफसरों की बैठक पर उठे सवाल

थराली विधायक की कर्णप्रयाग में अफसरों की बैठक पर उठे सवाल

  • कांग्रेस ने विधायक पर आम जनता से दूरी बनाने का लगाया आरोप

थराली से हरेंद्र सिंह बिष्ट।
थराली विधानसभा क्षेत्र की विधायक मुन्नी देवी शाह द्वारा गत दिनों अपने आवास में अधिकारियों की समीक्षा बैठक किए जाने का मामला राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने विधायक पर आम जनता से दूरी बनाने का आरोप लगाया है।
दरअसल बीते बुधवार को थराली की विधायक मुन्नी देवी शाह ने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई सहित तमाम अन्य निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों की एक बैठक थराली विधानसभा क्षेत्र से लगी कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में अपने निजी आवास में बुलाई थी। विधायक के आदेश पर  लगभग सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने इस बैठक में हिस्सेदारी भी की। इस बैठक में किन मुद्दों, योजनाओं पर चर्चा हुई, इसकी आम जनता को तो अधिक जानकारी नहीं मिली, किन्तु इस मामले को हाथों हाथ लेने में भाजपा की प्रतिद्वंद्वी पार्टी कांग्रेस ने देर नही की।
कांग्रेस ने विधायक को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कोरोना महामारी के इस दौर में जहां विधायक को आम जनता के दुख दर्द में शरीक होना चाहिए था, वहीं विधायक अब अपने विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा अपने क्षेत्र में करने तक को तैयार नहीं है। जो आम जनता की एक तरह से उपेक्षा मानी जा रही हैं।
इस संबंध में थराली के पूर्व विधायक डॉ. जीतराम ने कहा कि विधानसभा में प्रस्तावित कार्यों एवं हो रहे विकास व निर्माण कार्यों की समीक्षा अगर जिला पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों को साथ बिठा कर विधानसभा क्षेत्र के अंदर कहीं पर की जाती तो उसका लाभ आम जनता को मिल सकता था। किन्तु विधायिका अन्य जगह पर भी समीक्षा के नाम पर अधिकारियों को दौड़ाने में मशगूल हैं जो अनुचित हैं।
इस संबंध में कांग्रेस की प्रदेश सचिव उर्मिला बिष्ट ने कहा कि थराली विधानसभा क्षेत्र के देवाल, थराली, नारायणबगड़, ग्वालदम, घाट, नंदप्रयाग सहित तमाम अन्य स्थानों पर कई बड़े-बड़े सभागार मौजूद हैं। जहां पर कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए सामाजिक दूरी रखते हुए बैठक की जा  सकती है।किंतु विधायक द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र में समीक्षा बैठक न करना ठीक नहीं है। इस संबंध में पूछे जाने पर थराली के भाजपा मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह नेगी का कहना है कि पार्टी को किसी भी तरह की समीक्षा बैठक की कोई जानकारी नहीं है। विधायक ने संभवत: विकास कार्यों में तेजी लाए जाने के लिए इस तरह की कोई बैठक ली हो। वह विधायक से पता कर ही इस मामले में कुछ कह सकते हैं।

About team HNI

Check Also

चुनावी मौसम में जनता को राहत, कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता…

नई दिल्ली। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कटौती …

Leave a Reply