उत्तराखण्डचर्चा मेंदेहरादूनराज्य

मसूरी : विधायक जी पर एक्शन लेना दारोगा जी को पड़ा भारी!

  • बिना मास्क लगाये घूम रहे एमएलए प्रदीप बत्रा का चालान काटने की जुर्रत की तो चार दिन बाद हो गया तबादला

देहरादून। मास्क न पहनने पर मसूरी में विधायक प्रदीप बत्रा का चालान काटने वाले सब इंस्पेक्टर नीरज कठैत का ट्रांसफर एक कस्बे में कर दिया गया है। एसएसपी कार्यालय से उनका तबादला देहरादून से 40 किलोमीटर दूर छोटे से कस्बे कालसी में कर दिया है। इससे पहले वह मसूरी में तैनात थे। विधायक पर कार्रवाई करने के बाद हुए उनके ट्रांसफर पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार दारोगा नीरज कठैत ने रविवार दोपहर करीब 1 बजे बिना मास्क पहले रुड़की के विधायक प्रदीप बत्रा को मसूरी में रोक लिया था। विधायक अपने परिवार के साथ आए हुए थे। मास्क न पहनने पर नीरज ने उनका चालान काट दिया था। कार्रवाई से नाराज विधायक ने सब इंस्पेक्टर के सामने जुर्माने के पैसे फेंके थे। बाद में इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
अब सब इंस्पेक्टर के ट्रांसफर की खबर फैलते ही मसूरी सहित कई जगह से उन्हें लोगों का सपोर्ट मिलने लगा। उनके समर्थन में ऑनलाइन अभियान चलाया गया है। लोग सड़कों पर उतर रहे हैं। इस बाबत मसूरी ट्रेडर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए तहसीलदार से मुलाकात की और कठैत का ट्रांसफर रोकने की अपील की। एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा, ‘विधायक ने कानून तोड़ा था, इसलिए पुलिस ने कार्रवाई की। इस पर उनकी सराहना होनी चाहिए न कि दंडित किया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया में जो वीडियो वायरल हुआ था, उसमें नीरज विधायक से पूछ रहे थे कि आप मास्क पहने बिना और बिना सोशल डिस्टेंसिंग के क्यों घूम रहे हैं? ऐसा करने की अनुमति नहीं है। इस पर विधायक प्रदीप पत्रा सब इंस्पेक्टर से शांत रहने को कहते हैं।
वीडियो में विधायक का बेटा ये कहते हुए नजर आता है कि वो परिवार के साथ होटल जा रहा है। नीरज विधायक से कहते हैं कि उन्हें 500 रुपए का चालान कटवाना होगा। इस पर प्रदीप बत्रा उनके ऊपर पैसे फेंककर आगे बढ़ जाते हैं।
सब इंस्पेक्टर नीरज कठैत के सपोर्ट में कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया है। मसूरी कांग्रेस अध्यक्ष गौरव अग्रवाल का कहना है कि उनका ट्रांसफर नहीं रोका गया तो आंदोलन किया जाएगा। सब इंस्पेक्टर की गलती के बिना ही उन्हें दंडित किया जा रहा है। गलती विधायक प्रदीप बत्रा की थी और वह बिना मास्क के माल रोड पर घूम रहे थे।
उधर सीओ नरेंद्र पंत का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ताकि पता लगाया जा सके कि दोनों तरफ से किसी ने दुर्व्यवहार तो नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि सब इंस्पेक्टर नीरज कठैत को गुरुवार को मसूरी में 3 साल पूरे हो चुके थे। इसलिए उनका ट्रांसफर किया गया है। उनके तबादले का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है।

Leave a Reply