Saturday , April 20 2024
Breaking News
Home / उत्तराखण्ड / उत्तराखंड : आज रविवार को इन सात जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड : आज रविवार को इन सात जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

देहरादून। आज रविवार को प्रदेश के सात जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी, चमोली, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। कई जगह बिजली गिरने का भी अनुमान है। मौसम केंद्र के निदेशक  बिक्रम सिंह ने बताया कि रविवार को देहरादून और आसपास के इलाकों में भी कई जगह भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ों की रानी मसूरी में सुबह तेज बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
आज रविवार सुबह मसूरी की लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकदमी रोड पर बालवाड़ी के पास एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग बाधित हो गया है। मसूरी फायर सर्विस के जवान और अधिकारी मौके पहुंचकर पेड़ को रास्ते से हटाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, मसूरी-देहरादून मार्ग पर हल्का भूस्खलन भी हुआ। 
केदारनाथ मार्ग भी भूस्खलन के बाद से बंद है। शनिवार रात हल्की बारिश के बाद बदरीनाथ हाई लामबगड़ में पगलनाला और कंचनगंगा में मलबा और बोल्डर आने के कारण बाधित हो गया था। हाईवे को सुबह नौ बजे के बाद खोल दिया गया। उधर, चमोली जिले के 12 संपर्क मार्ग भूस्खलन के कारण अभी भी अवरुद्ध हैं।
केदारनाथ पैदल मार्ग गौरीकुंड से करीब पांच सौ मीटर आगे भूस्खलन से अवरुद्ध हो गया। प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से केदारनाथ यात्रा रोक दी। सोनप्रयाग और गौरीकुंड में दो सौ से अधिक यात्री रोके गए हैं, जबकि केदारनाथ लौट रहे 50 यात्री फंसे हुए हैं, जिन्हें रस्सी के सहारे सुरक्षित निकाला जा रहा है। शनिवार को सुबह पैदल मार्ग गौरीकुंड से पांच सौ मीटर दूर भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गया। रास्ते के अवरुद्ध होने की सूचना पर सोनप्रयाग में तैनात प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने केदारनाथ जाने वाले यात्रियों का पंजीकरण रोक दिया।
कानूनगो एमएल अंजवाल ने बताया कि केदारनाथ के लिए 169 यात्रियों का पंजीकरण कर दिया गया था, जिसमें कुछ लोग सुबह छह बजे तक गौरीकुंड से आगे रवाना हो गए थे। रास्ता टूटने के बाद शेष 146 लोगों को गौरीकुंड में रोक दिया गया है। सोनप्रयाग में भी 70 से अधिक यात्री रोके गए हैं, जिनका पंजीकरण नहीं किया गया है। रास्ता टूटने के कारण केदारनाथ से लौट रहे 50 यात्री भी फंसे हुए हैं। उन्हें डीडीआरएफ की टीम द्वारा रस्सी की मदद से सुरक्षित निकाला जा रहा है। इधर, डीडीएमए-लोनिवि गुप्तकाशी के ईई प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि भूस्खलन के कारण पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है। 

About team HNI

Check Also

चुनावी मौसम में जनता को राहत, कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता…

नई दिल्ली। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कटौती …

Leave a Reply