देहरादून: प्रदेश में लगातार तीन दिन से जारी बारिश से मंगलवार को देहरादून समेत कुछ जगहों पर राहत मिली है। लेकिन कई जिलों में अभी भी बारिश का दौर जारी है। वहीं, मौसम विभाग ने आज उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़ जिलों में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 21 और 22 जुलाई को नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले के लिए बारिश की चेतावनी देते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से बड़ी संख्या में सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग पर अचानक भूस्खलन के कारण रास्ते पर मलबा आने से हाईवे बंद हो गया है। तोताघाटी व इसके आस-पास अन्य जगहों पर भी बोल्डर और मलवा आने से बदरीनाथ हाईवे बंद है। वहीं जेसीबी मशीनें मलबा हटाने के कार्य में जुटी हुई हैं।