देहरादून। यशकृतिका फाउंडेशन की ओर से 14 मई से 20 मई तक “Echoes of Expression “स्मरण” नामक भव्य कला प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रसिद्ध कलाकार स्वर्गीय कृतिका उनियाल की स्मृति एवं उनकी तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। कृतिका उनियाल जी कला के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान रखती थीं तथा उनकी रचनात्मक सोच और कला के प्रति समर्पण को सम्मान देने हेतु प्रतिवर्ष इस “स्मरण” का आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्कृति विभाग उत्तराखंड के निदेशक प्रदीप जोशी उपस्थित रहे। वहीं संस्था की संस्थापक कमलेश नेगी एवं यशपाल उनियाल की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष स्वरूप प्रदान किया।

प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों के कलाकारों का सुंदर संगम देखने को मिला। प्रमुख कलाकारों में प्रसिद्ध कलाकार जाकिर हुसैन, चंद्र बहादुर रसाइली, रवि चरण (नानौता), सुनील कुमार (बुढ़ाना) सहित अनेक वरिष्ठ एवं युवा कलाकार शामिल रहे। कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कला प्रेमियों ने भी सहभागिता की और कलाकारों की उत्कृष्ट कलाकृतियों की सराहना की।
प्रदर्शनी के साथ-साथ लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी आयोजित किए जा रहे हैं, जो 20 मई तक निरंतर चलते रहेंगे। इन डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से कलाकार अपनी कला शैली, तकनीक एवं चित्रकला की बारीकियों को लोगों के साथ साझा कर रहे हैं। यह आयोजन कला प्रेमियों, विद्यार्थियों एवं युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा और सीख का एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभर रहा है।
Hindi News India