पौड़ी/ श्रीनगर। जिस कूड़े को देखकर लोग मुंह फेर लेते हैं, वही कूड़ा उत्तराखंड के नगर पंचायत कीर्तिनगर लिए लाखों की आमदनी का जरिया बन रहा है। इस कूड़े से आम लोग भी कमाई कर सकते हैं। इसके लिए मेहनत की भी जरूरत नहीं है, बल्कि महीने भर का अजैविक कूड़ा एकत्र करके पालिका को सौंपना है। ऐसे में घर बैठे अजैविक कूड़े को एकत्र कर कमाई की जा सकती है।
दरअसल नगर पंचायत कीर्तिनगर प्रतिमाह कूड़ा बेचकर पचास हजार से अधिक की कमाई करती है। इसके लिए नगर पंचायत की ओर से 22 नाली भूमि में वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया गया है। इस प्लांट में जैविक व अजैविक दोनों प्रकार के कूड़ो का निस्तारण होता है। कीर्तिनगर नगर पंचायत, पहाड़ के अन्य पालिकाओं व नगर पंचायतों के लिए मिशाल बनी है। यहाँ नगर पंचायत अध्यक्ष कैलाशी देवी जाखी के प्रयासों से वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया गया, लागत से बने इस प्लांट में अलग-अलग ब्लॉक बनाये गये हैं, जिनमें जैविक व अजैविक कूड़ा रखा जाता है, वहीं यहॉ वेस्ट ट्रीटमेंट के लिए मशीने भी इंस्टाल की गई है।
कीर्तिनगर के अधिशासी अधिकारी राजेन्द्र सिंह सजवाण ने बताया कि कूड़ा एकत्रित करने के लिए नगर पंचायत के चार वार्डों से कूड़ा वाहनों का उपयोग किया जाता है। इसमें सूखा कूड़ा और गीला कूड़ा अलग-अलग तरीकों से एकत्रित किया जाता है। यह कूड़ा फिर शहर से बाहर बनाए गए ट्रेंचिंग ग्राउंड में ले जाया जाता है, जहां गीला कूड़ा खाद और सूखा कूड़ा बेचने के लिए अलग-अलग तरीकों से प्रयोग किया जाता है। इसके बाद, सूखे कूड़े को कॉम्पॉस्टर मशीन के माध्यम से पेटियों में तब्दील किया जाता है, जिसके बाद कूड़ा बेचने के लिए तैयार हो जाता है। गीले कूड़े से बनाई गई खाद स्थानीय काश्तकारों को बेची जाती है और इसे अन्य प्रयोगों में भी लाया जाता है।