भारत में कोरोना वायरस (COVID-19) एक बार फिर तेजी से फैल रहा है। देश के कई बड़े शहरों और राज्यों में नए मामलों की संख्या बढ़ रही है, साथ ही मौतों का आंकड़ा भी चिंता बढ़ाने लगा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के एक्टिव केसों की संख्या 2,710 तक पहुंच गई है, जिसमें केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य हैं। केरल में 1,147 केस रिपोर्ट किए गए। उसके बाद महाराष्ट्र में 424 केस दर्ज किए गए। 30 मई की सुबह 8 बजे तक के आंकड़े के मुताबिक, दिल्ली में 294 और गुजरात में 223 मरीज मिल चुके हैं। कर्नाटक और तमिलनाडु में 148-148 केस दर्ज किए गए हैं। जबकि पश्चिम बंगाल में 116 मामले दर्ज किए गए हैं।
पिछले 24 घंटे में 7 मौतें भी दर्ज की गई हैं। इस साल के पहले पांच महीनों में मरने वालों की संख्या 22 हो गई है। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में दो मौतें हुई हैं। जबकि दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब और तमिलनाडु में एक-एक मौत रिकॉर्ड की गई है। राष्ट्रीय राजधानी में 24 घंटे में 77 मरीज मिले हैं। उसके बाद केरल में 24 घंटे में 72 और महाराष्ट्र में 34 मरीज पाए गए।
ओमिक्रॉन वेरिएंट के नए स्वरूपों का फैलाव
वैश्विक स्तर पर कोविड मामलों की इस बढ़ोतरी का मुख्य कारण कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट के नए रूप हैं। इनमें JN.1 वेरिएंट की शाखाएं LF.7 और NB1.8 प्रमुख हैं। JN.1, जिसे ‘पिरोला’ स्ट्रेन भी कहा जाता है, BA.2.86 वेरिएंट से निकला है और यह शरीर की मौजूदा इम्यूनिटी को पार कर सकता है। हालांकि इस नए वेरिएंट के लक्षण अब तक ओमिक्रॉन जैसे ही पाए गए हैं, लेकिन यह अधिक तेजी से फैलता है।