Sunday , May 12 2024
Breaking News
Home / चर्चा में / लुधियाना में कोर्ट परिसर के अंदर विस्फोट, हादसा या साजिश…जांच में जुटी पुलिस

लुधियाना में कोर्ट परिसर के अंदर विस्फोट, हादसा या साजिश…जांच में जुटी पुलिस

पंजाब। लुधियाना में गुरुवार को कोर्ट परिसर के अंदर विस्फोट हुआ। जिसमें दो शख्स की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए हैं। ब्लास्ट लुधियाना जिला कोर्ट के परिसर की दूसरी मंजिल के वॉशरूम में हुआ है। जिस वक्त ये धमाका हुआ, कोर्ट परिसर में वकीलों समेत कुछ लोग मौजूद थे। ब्लास्ट के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। ब्लास्ट इतना तेज था कि नीचे की मंजिलों के शीशे टूट गए। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि यह ब्लास्ट किसने किया और किस चीज से अंजाम दिया।
सूत्रों के मुताबिक, कोर्ट में IED ब्लास्ट हुआ है। बताया जा रहा है कि इसके लिए काफी भारी विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि इस बात की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। इस ब्लास्ट की वजह से पूरी इमारत को नुकसान पहुंचा है। वहीं ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद वाहनों को भी नुकसान हुआ है। धमाका होते ही कोर्ट परिसर में भगदड़ मच गई थी। चश्मदीद के मुताबिक, यह धमाका कोर्ट के बाथरूम में हुआ है। उन्होंने दावा किया है कि किसी व्यक्ति ने आकर इस विस्फोट को अंजाम दिया है। हादसा दोपहर करीब 12.45 पर हुआ। गनीमत रही कि गुरुवार को वकील हड़ताल पर थे, जिसके चलते परिसर में रोज के मुकाबले भीड़ कम थी। फिलहाल, घटनास्थल पर बम दस्ता पहुंच गया है। वहीं, इलाके को सील कर दिया गया है।
यह घटना साजिश का हिस्सा: सीएम चन्नी
लुधियाना ब्लास्ट पर पंजाब CM चरणजीत सिंह चन्नी का भी बयान आया है। उन्होंने इसे साजिश बताया और कहा कि दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा। चन्नी ने कहा कि ‘मैं मौके का जायजा लेने के लिए लुधियाना जा रहा हूं, जैसे-जैसे चुनाव पास आ रहा है कुछ देश विरोधी ताकतों द्वारा ऐसी घिनौनी हरकतें की जा रही हैं। इसे लेकर सरकार सचेत है, लोगों को भी सचेत रहना चाहिए बेअदबी की कोशिश की गई सफल नहीं हुए, अब ब्लास्ट किया गया।
विधायक सिमरजीत सिंह बैंस की थी पेशी
बड़ी बात है कि गुरुवार को ही दुष्कर्म मामले में विधायक सिमरजीत सिंह बैंस सहित अन्य की पेशी भी थी। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर तक पुलिस कमिश्नर और डीसी दफ्तर के ठीके पीछे कचहरी परिसर में सब कुछ सामान्य चल रहा था। बाद दोपहर अचानक दूसरी मंजिल पर जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद धुएं का एक गुबार उठा। इससे पहले लोग कुछ समझते, वहां भगदड़ मच गई। कुछ देर में बिल्डिंग पूरी तरह से खाली हो गई।
दुष्कर्म पीड़िता के वकील ने लगाया आरोप
दुष्कर्म मामले की पीड़िता के वकील एडवोकेट हरीश राय ढांडा ने बताया कि वह आज पेशी होने के चलते कुछ लेट हो गए थे, इसलिए तेजी के साथ अदालत की तरफ जा रहे थे। दूसरी मंजिल पर अभी वह कुछ दूरी पर पहुंचे थे कि ब्लास्ट हो गया। इस ब्लास्ट में वह बाल बाल बचे। उनका आरोप है कि यह ब्लास्ट उन्हें मारने की साजिश थी।
पंजाब में आने वाले कुछ महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे समय पर कोर्ट परिसर में इस तरह का ब्लास्ट लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल खड़े कर देता है। यह धमाका चुनाव में मुद्दा और उसके पहले भी तनाव की वजह बन सकता है। यह ब्लास्ट पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले माहौल खराब करने की कोशिश भी हो सकती है। गौरतलब हो कि इसी महीने गुरदासपुर जिले में चार हैंड ग्रेनेड और टिफिन बम मिला था। इस बात की जानकारी पंजाब पुलिस ने दी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये ग्रेनेड और टिफिन बम एक बोरी में छिपाए गए थे। पुलिस ने इन्हें सीमावर्ती जिले के सलेमपुर अराइयां गांव से बरामद किया था। इससे दो दिन पहले भी पुलिस ने प्रदेश के दीनानगर से भारी मात्रा में RDX बरामद किया था।

About team HNI

Check Also

ऋषिकेश: गंगा में डूबे युवक का शव बरामद, आठ लोगों का ग्रुप आया था घूमने

ऋषिकेश। लक्ष्मण झूला क्षेत्र के मस्तराम घाट में डूबे युवक का एसडीआरएफ ने शव बरामद …

Leave a Reply