- उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की स्थिति पर मुख्यमंत्री धामी के बयान पर आप का पलटवार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के बयान पर आम आदमी पार्टी ने आड़े हाथों लिया है। आप ने कहा, दिल्ली में उन पर निशाना साधने की बेहतर होता कि धामी अपने राज्य की बदहाल स्थिति और बदहाल चारधाम यात्रा पर ध्यान देते। मगर उन्होंने इसे सुधारने की दिशा में कुछ नहीं किया। आम आदमी पार्टी ने आगामी कुछ महीनों में उत्तराखंड 11 हजार बूथों को मजबूत करने का ऐलान भी किया।दिल्ली में प्रदेश भाजपा कार्यालय में सीएम धामी ने उत्तराखंड के प्रवासी नागरिकों के साथ संवाद करते हुए कहा था कि प्रदेश में अब आम आदमी पार्टी का कोई नाम लेने वाला नहीं है। धामी के इस बयान पर आम आदमी पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। आप के प्रदेश संगठन समन्वयक जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि सीएम धामी ने दिल्ली में आप को लेकर एक बयान दिया है जो देवभूमि में भाजपा के लोकतंत्र पर लगातार चोट करने और दूसरी पार्टियों में तोड़फोड़ करने के षड्यंत्र की पुष्टि करता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब में आप की सरकारें जनता की अपेक्षा के अनुरूप बेहतर कार्य कर रही हैं। जिसकी बदौलत हिमाचल, हरियाणा में लोग आप से जुड़ते जा रहे हैं। उससे घबराकर धामी इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं।जोत सिंह बिष्ट ने कहा मुख्यमंत्री को आप की चिंता छोड़ कर पहले चार धाम यात्रा को सुचारु करना चाहिए, क्योंकि सरकार की बदइंतजामी से 20 दिन में करीब 60 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। सरकार यात्रियों को ठहराने और आने-जाने की व्यवस्था करने में नाकाम रही है। इसलिए रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद कर रही है। दिल्ली में पिछले 5 दिन से उत्तराखंड की एक बेटी सरला रावत लापता है। ऐसे में मुख्यमंत्री को आप की चिंता छोड़ कर पहले दिल्ली पुलिस से सरला रावत को ढूंढने के लिये कहना चाहिए था।उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य एक लाख करोड़ से अधिक के कर्ज तले दबा हुआ है। आज राज्य का प्रत्येक नागरिक 66 हजार रुपए का कर्जदार है। इसलिए मुख्यमंत्री को इस पर ध्यान देना चाहिए। आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड के अंदर आगामी कुछ महीनों में 11 हजार बूथों को मजबूत किए जाने का ऐलान भी किया। आप ने दावा किया कि एक साल के भीतर अपने साथियों के साथ और अरविंद केजरीवाल की नीतियों में विश्वास रखते हुए पार्टी धरातल पर एक मजबूत नेटवर्क तैयार करेगी।