कोटद्वार। यूपी का मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ आज मंगलवार को पहली बार यमकेश्वर में अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले पंचूर से करीब तीन किमी दूर बिथ्याणी स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय परिसर में उन्होंने अपने गुरु महंत अवैद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान गुरु को यादकर सीएम योगी आदित्यनाथ की आंखें नम हुईं।
अब वह अपनी मां सावित्री देवी और परिजनों से मिलने घर जा रहे हैं। उनके गांव पहुंचने से यहां परिजन उत्साहित हैं। योगी तीन दिवसीय दौरे के लिए आज उत्तराखंड पहुंचे है। इस मौके पर सीएम पुष्कर सिंह धामी, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत भी मौजूद रहे। योगी आदित्यनाथ के छोटे भाई महेंद्र बिष्ट ने बताया कि यमकेश्वर में उच्च शिक्षा के लिए कोई संस्थान न होने पर वर्ष 2004-05 में महायोगी गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय की स्थापना की गई थी। योगी वर्ष 2017 में यूपी के सीएम बनने से पहले एक बार गांव आए थे। वह उत्तराखंड तो कई बार आए, लेकिन गांव नहीं आ पाए थे। 20 अप्रैल, 2020 में उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हो गया था। तब कोरोनाकाल की व्यस्तताओं के कारण वह नहीं पहुंच सके थे।